अपराध

सतना में मंदिर फिर बने चोरों का निशाना, एक ही इलाके के दो मंदिरों से करीब एक किलो चांदी व 25 हजार नकद चोरी

सतना | सतना में चोरों ने एक बार फिर मंदिरों को निशाना बनाया है। गुरुवार–शुक्रवार की दरमियानी रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर इलाके में स्थित दो मंदिरों से करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। घटना ऐसे समय सामने आई है जब चांदी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। राजेंद्र नगर गली नंबर-11 स्थित देवी मंदिर से चोरों ने करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट, छत्र सहित अन्य आभूषण चुरा लिए। शुक्रवार सुबह पुजारी हरिप्रसाद पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तब चोरी का पता चला। इसी इलाके में कुछ ही दूरी पर स्थित राजेंद्र नगर गली नंबर-13 के हनुमान मंदिर में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यहां से बजरंगबली की प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र, चांदी की चेन और दानपात्र में रखे 25 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।

20 दिनों में तीसरी वारदात
पिछले 20 दिनों के भीतर सतना में मंदिरों में चोरी की यह तीसरी घटना है, जबकि एक अन्य मंदिर में चोरी का प्रयास भी किया जा चुका है। इससे पहले जगत देवतालाब और प्राचीन खेरमाई मंदिर में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से श्रद्धालुओं में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button
Close