रामवन पथ गमन हाईवे पर भीषण हादसा: भैंसों से भरा कंटेनर और ट्रक भिड़े, कई जानवरों की मौत
अवैध पशु परिवहन की आशंका, कंटेनर चालक फरार

सतना। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिघरा मोड़ के पास रामवन पथ गमन हाईवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। भैंसों से भरे कंटेनर और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए और पलट गए। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। कंटेनर क्रमांक MP 20 JJ 1308 और ट्रक क्रमांक MP 21 ZD 9367 के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर में भरी कई भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कंटेनर में ठूंस-ठूंस कर भरी गई थीं भैंसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर में 50 से अधिक भैंसें बेहद तंग हालत में भरी गई थीं। टक्कर के बाद जानवर कंटेनर में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सड़क किनारे घायल और मृत पशुओं के बिखरने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहगीरों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए आगे आए। सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की सहायता से घायल भैंसों को कंटेनर से बाहर निकलवाया। यातायात को भी कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया।
चालक फरार, तस्करी की आशंका
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भैंसों को सतना से जबलपुर अवैध रूप से ले जाने की आशंका जताई जा रही है। जिस तरह से जानवरों को लादा गया था, उससे पशु तस्करी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
दस्तावेजों की जांच जारी
पुलिस कंटेनर मालिक की पहचान में जुटी है और पशु परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक और मालिक की पहचान होते ही संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।




