“आशिकी” पड़ी भारी ‘गर्लफ्रैंड’ के साथ घूम रहे थे डॉक्टर साहब! “बीवी” ने बाल पकडक़र सडक़ पर घसीटा
सरेआम मारपीट से गूंजा रीवा, चर्चित डॉक्टर की पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा, युवती को सड़क पर घसीटा

रीवा। शहर की सड़कों पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक चर्चित वरिष्ठ चिकित्सक की पत्नी ने बीच सड़क एक युवती को बाल पकड़कर घसीटते हुए जमकर पीट दिया। मारपीट का वीडियो सामने आते ही शहर में हड़कंप मच गया। मामला प्रतिष्ठित डॉक्टर परिवार से जुड़ा होने के कारण अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
बुधवार देर रात शहर की व्यस्त सड़क पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केडी सिंह की पत्नी डॉ. प्रियंका सिंह एक युवती से बहस करती नजर आईं। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, डॉक्टर की पत्नी ने युवती के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटा और थप्पड़ों की बौछार कर दी। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती खुद को छुड़ाने की कोशिश करती रही, लेकिन विवाद बढ़ता गया। काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
बीच-बचाव में असहाय दिखे वरिष्ठ चिकित्सक
घटना के दौरान वरिष्ठ चिकित्सक मौके पर मौजूद थे और बीच-बचाव की कोशिश करते दिखे। हालांकि दोनों महिलाओं के बीच चल रही खींचतान में वे खुद असहाय नजर आए। आसपास खड़े लोग पहले पूरे घटनाक्रम को सामान्य झगड़ा समझते रहे, लेकिन जैसे ही डॉक्टर को पहचाना गया, भीड़ बढ़ने लगी।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि विवाद कथित तौर पर किसी निजी संबंध या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। हालांकि इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विवाद की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हैरानी की बात यह है कि अब तक इस मामले में पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल यह पूरा घटनाक्रम शहर में सामाजिक प्रतिष्ठा, निजी रिश्तों और सार्वजनिक आचरण को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।




