सतना जिला अस्पताल में आधी रात हंगामा, सहायता केंद्र के कांच तोड़े, ओपीडी ऑपरेटर से अभद्रता, सुरक्षा गार्ड से भी उलझा युवक; पुलिस ने हिरासत में लिया

सतना जिला अस्पताल में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक युवक ने जमकर हंगामा किया। सीमित स्टाफ की मौजूदगी के बीच युवक ने ओपीडी पर्ची काटने वाले ऑपरेटर से अभद्रता की और अस्पताल परिसर में बने सहायता केंद्र के कांच तोड़ दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक किसी बात को लेकर नाराज था। उसने पहले ओपीडी काउंटर पर तैनात ऑपरेटर से बहस शुरू की, जो देखते ही देखते उग्र हो गई। इसके बाद युवक ने सहायता केंद्र के कांच पर हाथ मारकर उन्हें तोड़ दिया और वहां रखे अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। घटना से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
हंगामे के दौरान सुरक्षा गार्ड ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने उनके साथ भी अभद्रता की। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल स्टाफ ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
अस्पताल प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सहायता केंद्र में नुकसान हुआ है और क्षति का आकलन किया जा रहा है। संबंधित युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में आक्रोश है। कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, रात में अतिरिक्त गार्ड तैनात करने और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ जारी है।




