Uncategorized

वेयरहाउस ताला बंद होने से नाराज किसानों ने किया 7 घंटे तक सड़क जाम

अधिकारियों ने शाम 4 बजे खुलवाया ताला, किसानों ने की कार्रवाई की मांग

सतना। सतना जिले की सेवा सहकारी समिति झाली में धान खरीदी के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई, जब वेयरहाउस संचालक आलोक सिंह बिना पूर्व सूचना के वीना वेयरहाउस का ताला लगाकर चले गए। इस कारण अपनी धान लेकर पहुंचे सैकड़ों किसान आक्रोशित हो उठे।
खरीदी केंद्र प्रभारी और किसान काफी देर तक गेट खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो किसानों ने सुंदरा-सेमरिया मार्ग पर 25 ट्रैक्टरों के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे स्टेट हाईवे पूरी तरह जाम हो गया। लंबी वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वेयरहाउस संचालक से संपर्क कर उसे बुलाया और किसानों को समझाकर शांत किया। काफी मशक्कत के बाद शाम 4 बजे ताला खुलवाया गया, जिसके बाद किसानों की धान को वेयरहाउस में रखा जा सका।

हालांकि इस घटना में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर पंचनामा नहीं बनाया गया। अधिकारियों ने बताया कि वेयरहाउस संचालक के घर तेरहवीं थी, इसलिए सहानुभूति के आधार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो एफआईआर दर्ज की जाएगी। किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
Close