सतना में धूमधाम से मना नव वर्ष 2026, नगर वन में पहली बार हुआ न्यू ईयर सेलिब्रेशन
डीजे नाइट, आतिशबाजी और जश्न के बीच लोगों ने किया नए साल का स्वागत

सतना। सतना में बुधवार रात नव वर्ष 2026 का आगमन उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के नगर निगम द्वारा संचालित नगर वन में 31 दिसंबर की रात विशेष न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डीजे की धुन पर लोगों ने जमकर नृत्य किया और नाच-गाने के साथ नए साल का स्वागत किया। जैसे ही घड़ी ने बारह बजाए, लोगों ने आतिशबाजी कर वर्ष 2025 को विदाई दी और 2026 का जोश के साथ अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।

प्राकृतिक वातावरण में पहली बार नव वर्ष आयोजन
प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर नगर वन में यह पहला अवसर था, जब नव वर्ष के उपलक्ष्य में इस तरह का भव्य आयोजन किया गया। हरियाली और खुले वातावरण में हुए इस कार्यक्रम ने लोगों को खास अनुभव दिया।
डीजे नाइट में उमड़ा युवाओं का जोश
डीजे नाइट में युवाओं के साथ-साथ परिवारों की भी अच्छी-खासी मौजूदगी रही। देर रात तक संगीत और नृत्य का सिलसिला चलता रहा। हर तरफ ‘हैप्पी न्यू ईयर’ की गूंज सुनाई देती रही और लोगों ने नए साल की शुरुआत खुशी और सकारात्मक ऊर्जा के साथ की।




