ताजा ख़बरें

अब बोली लगाकर खरीद सकेंगे डुप्लेक्स और प्लॉट

भोपाल। भोपाल नगर निगम की आवास योजनाओं में अब मकानों और भूखंडों की बिक्री का तरीका बदलने जा रहा है। निगम भौरी परियोजना के 212 तीन बेडरूम वाले डुप्लेक्स और 145 आवासीय प्लॉट पारंपरिक ई-टेंडर के बजाय ई-टेंडर सह ई-नीलामी के जरिए बेचेगा। यानी इन संपत्तियों की बिक्री अब बोली प्रक्रिया से होगी।
मेयर-इन-काउंसिल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के साथ ही निगम की आवासीय परियोजनाओं में कीमत, आवंटन और पात्रता को लेकर कई अहम निर्णय हुए। सबसे ज्यादा चर्चा अरहेड़ी परियोजना के 53 एलआईजी डुप्लेक्स की कीमत को लेकर है। इनकी कीमत 61 लाख रुपये प्रति मकान निर्धारित की गई है।
61 लाख में एलआईजी डुप्लेक्स, आवास योजना पर सवाल
आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लिए बनाई जाने वाली आवास योजनाओं में कीमतों का मुद्दा अहम है। अरहेड़ी में 53 एलआईजी डुप्लेक्स की कीमत 61 लाख रुपये तय होने से यह परियोजना चर्चा में आ गई है। हालांकि, उपलब्ध प्रस्ताव में इन मकानों की कीमत तय करने का निर्णय ही दर्ज है।
15 अपात्रों का पंजीयन निरस्त, पैसा लौटेगा
कलखेड़ा परियोजना में 15 अपात्र आवेदकों का पंजीयन निरस्त करने और उनकी जमा राशि वापस करने की मंजूरी दी गई है। वहीं, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार प्रदेश में कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान हासिल करने वाली चांदनी विश्वकर्मा को कलखेड़ा में ईडब्ल्यूएस आवास दिया जाएगा।
493 हितग्राहियों के आवास संबंधी प्रस्ताव मंजूर
आवास योजनाओं के तहत राजेंद्र नगर में 288 और अरहेड़ी में 53 हितग्राहियों के अलावा भौरी, 12 नंबर बस स्टॉप और गंगा नगर परियोजनाओं में 143 हितग्राहियों के आवंटन और पंजीयन संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी मिली। जवाहर चौक टीन शेड के 19 पात्र परिवारों को भी भौरी परियोजना में ईडब्ल्यूएस मकान दिए जाएंगे।
औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा 20 लाख लीटर पानी
नगर निगम सांखेड़ी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से सतगढ़ी औद्योगिक क्षेत्र तक प्रतिदिन 20 लाख लीटर शोधित पानी पहुंचाएगा। 15.18 करोड़ रुपये की इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत लागू किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार की अनुमति ली जाएगी।
दो बड़े प्रस्ताव अगली बैठक तक टले
बैठक में सीवेज विभाग के 13 हाईटेंशन बिजली कनेक्शनों को कैप्टिव सौर ऊर्जा परियोजना से जोडऩे का प्रस्ताव टाल दिया गया। इन कनेक्शनों का कुल भार 7.7 मेगावाट है। इसके अलावा निगम की वर्ष 2025-26 की बैलेंस शीट को भी मंजूरी नहीं मिल सकी।

Related Articles

Back to top button
Close