प्रदेश को मिलेंगे दो एग्रीकल्चर क्लस्टर और दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

भोपाल। मध्यप्रदेश में कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति जताई है। प्रदेश में दो एग्रीकल्चर क्लस्टर और दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 223 पुलों के निर्माण के लिए 643.14 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। करीब 600 करोड़ रुपये के सडक़ संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनकी पूरी टीम को प्रदेश के विकास से जुड़े प्रस्ताव लेकर आने के लिए बधाई दी। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश के लिए वैज्ञानिक कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसे कृषि वैज्ञानिकों की टीम तैयार करेगी, ताकि प्रदेश की कृषि को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही क्लीन प्लांट प्रोग्राम के तहत प्रदेश में नर्सरी विकसित करने पर भी काम होगा। पीडीएमसी (प्रति बूंद अधिक फसल) योजना के तहत व्यापक सहायता देने पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के क्षेत्र में मध्यप्रदेश उल्लेखनीय काम कर रहा है। प्रदेश की सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा हुई और इनके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, बैठक में सडक़ों, पुलों, मकानों, विभिन्न मिशनों और कृषि विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण फैसले किए गए हैं। 223 पुलों के निर्माण के लिए 643.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि लगभग 600 करोड़ रुपये के सडक़ संबंधी प्रस्ताव भी सामने आए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रहलाद जी और एदल सिंह जी सहित पूरी टीम प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लेकर आई थी। बैठक उपयोगी और फलदायी रही। इससे मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास को नई गति मिलेगी।
कृषि के लिए बनेगा वैज्ञानिक रोडमैप
बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश में कृषि के विकास के लिए एक वैज्ञानिक रोडमैप तैयार किया जाएगा. इसे देश के वैज्ञानिक मिलकर तैयार करेंगे. इसके अलावा मध्य प्रदेश को दो एग्रीकल्चर क्लस्टर और दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस दिए जाएंगे. राज्य में सब्जियों के विकास के लिए भी दो क्लस्टर बनाए जाएंगे, जिनमें लहसुन की खेती को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
क्लीन प्लांट प्रोग्राम और सिंचाई पर जोर
राज्य में कृषि को आधुनिक बनाने के लिए क्लीन प्लांट प्रोग्राम के तहत नर्सरियों का विकास किया जाएगा. साथ ही प्रति बूंद अधिक फसल योजना के तहत व्यापक सहायता देने पर सहमति बनी है. शिवराज सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम कर रहा है. सिंचाई से जुड़े लंबित प्रस्तावों का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्र और राज्य के समन्वय का मिल रहा लाभ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैठक को बेहद सकारात्मक बताया. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ कई विषयों पर सार्थक चर्चा हुई है. शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री के रूप में लंबे अनुभव और अब केंद्र में कृषि मंत्री होने का सीधा लाभ मध्य प्रदेश को मिल रहा है. इससे राज्य के गांवों को समृद्ध बनाने में मदद मिलेगी।




