मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के 3272 आवेदन महीनों से लंबित

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्वरोजगार योजनाओं पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन बैंकों की सुस्ती इन योजनाओं की राह में सबसे बड़ी बाधा बन रही है। युवा कारोबार शुरू करने के लिए आवेदन कर रहे हैं, सरकारी विभाग उन्हें बैंक तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन कर्ज मंजूर करने के मामले में बैंक हाथ खींच रहे हैं। स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के 3272 आवेदन कई महीनों से बैंकों में लंबित हैं, जबकि नियमानुसार 30 दिन के भीतर इनका निराकरण किया जाना चाहिए। यह समस्या केवल एक योजना तक सीमित नहीं है। पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, संत रविदास स्वरोजगार, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना जैसी योजनाओं में भी बैंकों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। कहीं आवेदन लंबित हैं तो कहीं बड़ी संख्या में प्रकरण खारिज किए जा रहे हैं। ऐसे में सरकार की स्वरोजगार के जरिए रोजगार सृजन की कोशिशों को बैंकिंग व्यवस्था से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
11 हजार का लक्ष्य, उपलब्धि 49.19 प्रतिशत
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना राज्य सरकार की प्रमुख स्वरोजगार योजनाओं में शामिल है। इसके तहत युवाओं को उद्योग, सेवा और व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना का सालाना लक्ष्य पहले 9 हजार था, जिसे बढ़ाकर 11 हजार कर दिया गया। लेकिन लक्ष्य बढऩे के बावजूद बैंक अपेक्षित गति से काम नहीं कर पाए हैं। अब तक केवल 49.19 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल हुआ है। सबसे चिंताजनक स्थिति बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की है। वर्तमान में 3272 आवेदन बैंकों के पास अटके हुए हैं। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में इस स्थिति पर नाराजगी जताई। इसके बाद संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि 30 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कराया जाए।
सरकार ने बैंकों के सामने रखा 130 प्रतिशत आवेदन भेजने का फार्मूला
बैंकों की कम स्वीकृति दर को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रायोजक विभागों को नया निर्देश दिया है। अब निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम से कम 130 प्रतिशत आवेदन बैंकों को भेजने को कहा गया है। सरकार का तर्क है कि इससे बैंकों के पास पर्याप्त संख्या में पात्र आवेदकों के विकल्प उपलब्ध रहेंगे और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में आसानी होगी। हालांकि इस व्यवस्था से आवेदन की संख्या तो बढ़ सकती है, लेकिन असली चुनौती बैंकों में लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण और पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराना है। यदि आवेदन स्वीकृति की गति नहीं बढ़ी तो अतिरिक्त आवेदन भी फाइलों में अटक सकते हैं।
पीएम स्वनिधि और आवास सब्सिडी में भी बैंकिंग अड़ंगा
पीएम स्वनिधि योजना के तहत 7006 क्रेडिट कार्ड स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन एसबीआई और इंडियन बैंक में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। इसी तरह पीएम आवास ब्याज सब्सिडी योजना में भी पेंडेंसी की स्थिति गंभीर पाई गई है। इस समस्या को देखते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, एसबीआई और बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों की विशेष समिति गठित की गई है। समिति को लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके निराकरण की दिशा में काम करना है।
पीएम विश्वकर्मा में राष्ट्रीय औसत से ज्यादा आवेदन खारिज
कारीगरों और पारंपरिक शिल्पकारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित पीएम विश्वकर्मा योजना में भी बैंकिंग व्यवस्था सवालों के घेरे में है। प्रदेश में इस योजना के आवेदनों को खारिज करने की दर राष्ट्रीय औसत 44 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है। सरकार ने इस पर संज्ञान लेते हुए खारिज किए गए आवेदनों की सैंपल जांच कराने और उनके निरस्त होने के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे यह स्पष्ट करने की कोशिश होगी कि आवेदन वास्तव में पात्रता की कमी के कारण खारिज हुए या बैंक स्तर पर प्रक्रिया में कोई बाधा है।
संत रविदास योजना में 1560 आवेदन लंबित
संत रविदास स्वरोजगार योजना में कुल उपलब्धि महज 44 प्रतिशत दर्ज की गई है। इस योजना के 1560 आवेदन बैंक स्तर पर निराकरण के लिए लंबित हैं। यूको बैंक में स्वीकृति का स्तर केवल 18 प्रतिशत और बंधन बैंक में महज 7 प्रतिशत बताया गया है। इन आंकड़ों से योजना के क्रियान्वयन में बैंकों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
टंट्या मामा योजना में 1030 आवेदन बिना कार्रवाई के
टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत भी 1030 आवेदन बैंकों के पास लंबित हैं। सरकार ने इन मामलों का एक महीने के भीतर निराकरण करने की हिदायत दी है। वहीं, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना में भी प्रगति असंतोषजनक मिली है। पांच हजार के निर्धारित लक्ष्य की तुलना में आवेदन ही कम प्राप्त हुए हैं।
कर्ज के बिना कारोबार कैसे शुरू करें युवा
सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का उद्देश्य युवाओं, छोटे कारोबारियों, कारीगरों और कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। लेकिन इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब पात्र आवेदकों को समय पर बैंक ऋण मिल सकेगा। आवेदन करने से लेकर बैंक की स्वीकृति और ऋण वितरण तक की प्रक्रिया में देरी होने पर युवा अपना कारोबार शुरू नहीं कर पाते। बैंकों की ओर से आवेदन खारिज करने के स्पष्ट कारणों की जानकारी और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा भी जरूरी है। सरकार ने अब 30 दिन में निराकरण और लक्ष्य से 130 प्रतिशत आवेदन भेजने का निर्देश देकर दबाव बनाने की कोशिश की है। लेकिन असली परीक्षा यह होगी कि बैंक इन निर्देशों को कितनी गंभीरता से लागू करते हैं। फिलहाल प्रदेश में स्वरोजगार का सरकारी मॉडल एक अजीब स्थिति में है। सरकार युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए योजनाएं चला रही है, विभाग आवेदन भेज रहे हैं, लेकिन बैंक ऋण देने की रफ्तार नहीं बढ़ा पा रहे। ऐसे में युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि कारोबार शुरू करने का सपना देखें या बैंक में अपनी फाइल आगे बढऩे का इंतजार करें।




