ताजा ख़बरें

कांग्रेस के सामने अपनों का वोट बचाने की चुनौती

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत अब तक यही रही है कि भाजपा के मुकाबले प्रदेश में वही एकमात्र मजबूत विपक्षी विकल्प है। लेकिन 12 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित विपक्ष की वोट रक्षक रैली इसी राजनीतिक समीकरण को नई दिशा दे सकती है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में होने वाली इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ समाजवादी पार्टी समेत इंडी गठबंधन के घटक दलों के नेता भी शामिल होंगे। कांग्रेस इसे लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए विपक्ष की एकजुटता बता रही है, लेकिन प्रदेश की राजनीति में इसके दूरगामी असर को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता का संदेश देने के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण है, लेकिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस के सामने एक अलग चुनौती खड़ी हो सकती है। सवाल यह है कि जिस मंच से कांग्रेस भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करेगी, क्या उसी मंच से उसके क्षेत्रीय सहयोगियों को प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का अवसर भी मिलेगा?
2023 का सीट बंटवारा विवाद फिर चर्चा में
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच मध्य प्रदेश में सीटों को लेकर पहले भी टकराव हो चुका है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में सपा ने कम से कम छह सीटों की मांग की थी, लेकिन दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखे हमले किए और सपा ने अलग चुनाव लड़ा। उस घटनाक्रम ने स्पष्ट कर दिया था कि राष्ट्रीय स्तर पर साथ दिखाई देने वाले दल राज्यों में अपने राजनीतिक हितों को लेकर अलग रणनीति अपना सकते हैं। अब भोपाल की रैली में अखिलेश यादव की मौजूदगी को इसी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। सियासी जानकारों का एक वर्ग मानता है कि सपा को प्रदेश में बड़ा मंच मिलने से भविष्य में वह अधिक सीटों पर दावा कर सकती है।
बुंदेलखंड-विंध्य में सपा की पुरानी जमीन
मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी का प्रभाव पूरे प्रदेश में भले ही सीमित हो, लेकिन उत्तर प्रदेश से सटे जिलों में उसका राजनीतिक आधार रहा है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा जैसे इलाकों में सपा की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर संगठन मौजूद रहा है। ऐसे में भोपाल की बड़ी रैली सपा के लिए प्रदेशव्यापी राजनीतिक पहचान बनाने का अवसर बन सकती है। अखिलेश यादव को राष्ट्रीय विपक्ष के प्रमुख चेहरे के रूप में मंच मिलने से पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और नए समर्थकों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकती है। इसका असर भविष्य में कांग्रेस के साथ सीटों के समझौते पर भी पड़ सकता है।
ओबीसी राजनीति में भी बढ़ सकती है हिस्सेदारी की होड़
मध्य प्रदेश की राजनीति में ओबीसी मतदाताओं की भूमिका निर्णायक रही है। कांग्रेस और भाजपा दोनों इस वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करती रही हैं। अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछड़ा वर्ग, विशेषकर पीडीए की राजनीति के जरिए अपनी पहचान मजबूत कर चुके हैं। ऐसे में भोपाल के मंच पर उनकी मौजूदगी को केवल गठबंधन की औपचारिकता नहीं माना जा रहा। कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी नेतृत्व और सामाजिक न्याय का संदेश देना चाहती है, लेकिन प्रदेश में सपा को मिलने वाली राजनीतिक दृश्यता भविष्य में उसके लिए प्रतिस्पर्धा भी पैदा कर सकती है।
बसपा, आप और जीजीपी भी बदल सकते हैं समीकरण
कांग्रेस के सामने चुनौती केवल सपा तक सीमित नहीं है। बसपा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और आम आदमी पार्टी जैसे दल भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं। चंबल, विंध्य, बुंदेलखंड और आदिवासी बहुल इलाकों में इन दलों का सीमित लेकिन स्थानीय प्रभाव रहा है। करीबी चुनावी मुकाबलों में इन दलों की सक्रियता वोटों के बंटवारे का कारण बन सकती है। विशेष रूप से उन सीटों पर, जहां कांग्रेस और भाजपा के बीच जीत-हार का अंतर कम रहता है। हालांकि यह भी सच है कि इन दलों का प्रभाव हर चुनाव और हर क्षेत्र में एक जैसा नहीं रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का एक वर्ग मानता है कि कांग्रेस को राष्ट्रीय गठबंधन की जरूरत और प्रदेश में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक ताकत के बीच संतुलन बनाना होगा। यदि सहयोगी दलों को प्रदेश में अधिक राजनीतिक विस्तार मिलता है तो आने वाले चुनावों में सीटों की मांग और वोट बैंक की हिस्सेदारी को लेकर नई खींचतान संभव है।
सीएम ने राहुल के फैसले को बताया कांग्रेस के लिए नुकसानदेह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राहुल गांधी के राजनीतिक फैसलों पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व और निर्णयों के कारण कांग्रेस की स्थिति कमजोर हुई है और पार्टी लगातार चुनावों में पिछड़ रही है। भाजपा इस रैली को भी कांग्रेस की राजनीतिक कमजोरी और नेतृत्व की असमंजस भरी रणनीति के रूप में पेश कर सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस का तर्क है कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर विपक्ष की एकजुटता जरूरी है। मतदाता सूची से जुड़े सवाल केवल किसी एक राज्य या पार्टी तक सीमित नहीं हैं। इसलिए राष्ट्रीय स्तर पर सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाना राजनीतिक और लोकतांत्रिक जरूरत है।
प्रदेश नेतृत्व की परीक्षा भी बनेगी रैली
इस पूरे घटनाक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। प्रदेश में कांग्रेस ने नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश की है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व के फैसलों और प्रदेश की राजनीतिक जरूरतों के बीच तालमेल बनाए रखना दोनों नेताओं के लिए चुनौती होगा। पार्टी के सामने सवाल है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ सहयोगी दलों को मंच देने के बावजूद प्रदेश में कांग्रेस अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान कैसे बनाए रखेगी। यदि स्थानीय नेतृत्व को पर्याप्त भूमिका और निर्णय लेने की स्वतंत्रता नहीं मिलती है तो संगठन के भीतर भी असहजता पैदा हो सकती है।
2028 की लड़ाई का शुरुआती संकेत
मध्य प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2028 में होना है। ऐसे में दिसंबर की यह रैली केवल एसआईआर विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विपक्षी दलों के बीच भविष्य के राजनीतिक रिश्तों का संकेत भी दे सकती है। कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता बनाए रखना जरूरी है, लेकिन प्रदेश में अपनी मुख्य विपक्षी भूमिका और पारंपरिक मतदाता आधार को सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। राहुल गांधी के सामने यही राजनीतिक संतुलन साधने की चुनौती है। एक तरफ भाजपा के खिलाफ साझा लड़ाई का संदेश देना है, दूसरी तरफ यह भी सुनिश्चित करना है कि सहयोगी दलों को मजबूत करने की कवायद में कांग्रेस की अपनी जमीन कमजोर न पड़े। भोपाल की रैली के मंच पर विपक्षी एकता का संदेश कितना प्रभावी होता है, यह तो 12 दिसंबर को दिखेगा, लेकिन इसके राजनीतिक नफा-नुकसान की गणना 2028 के चुनाव तक जारी रह सकती है।

Related Articles

Back to top button
Close