कौन हैं चित्रकूट के एसडीएम? युवक को जड़ा था थप्पड़, वायरल वीडियो के बाद क्यों हैं चर्चा में

सतना। उत्तर प्रदेश चित्रकूट (कर्वी) जनपद के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) राकेश कुमार पाठक इन दिनों खासे चर्चा में हैं। वजह है एक वायरल वीडियो, जिसमें एसडीएम और उनके वाहन चालक द्वारा राह चलते एक युवक को सरेआम थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है। यह घटना मौनी अमावस्या के दिन की बताई जा रही है, जिसने प्रशासनिक आचरण और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मौनी अमावस्या के अवसर पर रामघाट क्षेत्र में मेला लगा हुआ था, जहां एसडीएम राकेश पाठक की ड्यूटी थी। ड्यूटी के बाद वह बोलेरो वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 96 टी 7752 से कर्वी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने उनकी सरकारी बोलेरो को ओवरटेक कर लिया। बताया जाता है कि इस बात से नाराज होकर एसडीएम के चालक ने बाइक सवार युवक को सडक़ पर रोक लिया। इसके बाद चालक और गार्ड युवक को एसडीएम के सामने ले आए। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक हाथ जोडक़र माफी मांगता है, कभी कान पकड़ता है, लेकिन इसके बावजूद पहले चालक और फिर एसडीएम द्वारा युवक को थप्पड़ मारे जाते हैं।
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर भट्ट मोहल्ले की बताई जा रही है। किसी राहगीर ने चुपचाप इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एसडीएम की सफाई, फिर भी गरमाया मामला
वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम राकेश कुमार पाठक ने अपनी सफाई में कहा है कि उन्होंने युवक की पिटाई नहीं की, बल्कि उसे समझाया था। हालांकि, वीडियो में दिख रहे दृश्य उनकी सफाई से मेल नहीं खाते, जिस कारण मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया है। अब प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू होने की बात कही जा रही है, जबकि आमजन और सामाजिक संगठनों द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठ रही है।
कौन हैं राकेश कुमार पाठक
राकेश कुमार पाठक का जन्म 20 जून 1982 को आजमगढ़ जिले में हुआ था। वे पीसीएस( PCS) (प्रोविंशियल सिविल सर्विस) के 2022 बैच के अधिकारी हैं। उनका आईडी नंबर 3741 है। वे प्रमोशन कोटा (प्रमोटी कैटेगरी) से पीसीएस में चयनित हुए। 30 जून 2023 को पीसीएस में उनकी नियुक्ति हुई। वर्तमान में वे डिप्टी कलेक्टर (एसडीएम) के पद पर कार्यरत हैं। पीसीएस में उनका कन्फर्मेशन अभी लंबित है।
तहसीलदार से एसडीएम तक का सफर
पीसीएस बनने से पहले राकेश पाठक लंबे समय तक तहसीलदार के रूप में कार्य कर चुके हैं— सीतापुर: 1 जुलाई 2017 से 31 अगस्त 2017, लखनऊ: 1 सितंबर 2017 से 27 जुलाई 2021, लखीमपुर खीरी: 28 जुलाई 2021 से 22 जून 2022, चित्रकूट: तहसीलदार — 23 जून 2022 से 29 जून 2023, एसडीएम (डिप्टी कलेक्टर) — 30 जून 2023 से वर्तमान तक
अब सवाल प्रशासनिक मर्यादा का
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल उठ रहे हैं कि— क्या किसी प्रशासनिक अधिकारी को सार्वजनिक रूप से किसी नागरिक पर हाथ उठाने का अधिकार है? यदि युवक ने यातायात नियम तोड़ा था, तो कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या जांच निष्पक्ष होगी या मामला फाइलों में दब जाएगा? फिलहाल पूरे जिले की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।




