ताजा ख़बरें

मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की कार में लगी आग, पेड़ से टकराने के बाद धू-धू कर जली ओमनी, चालक गंभीर

सतना। माँ शारदा के दर्शन के लिए मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की ओमनी कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोंडी गांव के पास की है। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमनी कार में चार श्रद्धालु सवार थे, जो मैहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन की स्टेयरिंग जाम हो गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई और कुछ ही पलों में कार धू-धू कर जलने लगी।

ग्रामीणों की तत्परता से बची जानें
हादसा होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कार में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का प्रयास किया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि चालक का पैर वाहन में फंस गया, जिससे उसे बाहर निकालने में देर हुई और वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।

तीन घायल, चालक रेफर
घटना में अवध राज कुशवाहा, भगवान दास कुशवाहा सहित एक अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं, जबकि चालक कृष्ण पाल कुशवाहा आग से झुलस गया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक कृष्ण पाल कुशवाहा की गंभीर हालत को देखते हुए सतना के बिरला अस्पताल रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि सभी घायल श्रद्धालु पन्ना जिले के देवेंद्रनगर के निवासी हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
Close