15 जनवरी से शुरू होगा आईएसबीटी संचालन, पहले चरण में रीवा, मैहर व अमरपाटन रूट की बसें होंगी शिफ्ट
सूत्र सेवा की बसें भी अब आईएसबीटी से चलेंगी

सतना। शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। 15 जनवरी से इंटीग्रेटेड बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का संचालन विधिवत रूप से प्रारंभ किया जाएगा। प्रथम चरण में रीवा, मैहर और अमरपाटन की ओर से आने-जाने वाली बसों को आईएसबीटी से संचालित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में अंतर प्रांतीय बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही शहर के भीतर चलने वाली सूत्र सेवा की बसें भी अब आईएसबीटी से ही संचालित होंगी। इससे शहर में बसों की बेतरतीब आवाजाही पर नियंत्रण लगेगा और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।
31 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार हुआ आईएसबीटी
उल्लेखनीय है कि शहर के बाईपास पर बने इस अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 27 दिसंबर को किया गया था। यह आईएसबीटी 31 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है, जिसे नगर निगम द्वारा विकसित किया गया है।
आईएसबीटी के संचालन से यात्रियों को एक ही परिसर में बेहतर यात्री सुविधाएं, सुव्यवस्थित बस संचालन और यातायात जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।




