काली पट्टी बांधकर एनएसयूआई का सिविल लाइन चौक पर प्रदर्शन, यूपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पर लाठीचार्ज का विरोध
Written by:Shatrughan singh Published:12 January 2026 at 15: 37 IST

सतना। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सिविल लाइन चौक पर प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी पर हुए लाठीचार्ज का विरोध जताया। गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्र कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। स्थिति को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर तैनात रही।
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव राहुल सोनी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठाने वालों पर की जा रही पुलिस कार्रवाई निंदनीय है और इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। गौरतलब है कि रविवार को वाराणसी में मनरेगा से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए बल प्रयोग किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हुए लाठीचार्ज की घटना के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदेश भर में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।




