ताजा ख़बरें

सीएम उद्योग जगत के सामने रखेंगे निवेश का रोडमैप

भोपाल। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को मुंबई में आयोजित इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वे रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों, औद्योगिक अधोसंरचना और राज्य की नीतियों को रखेंगे।
सम्मेलन 22 से 24 अक्टूबर तक चलेगा। भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल होंगे। रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने वाले ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर चर्चा
इंडिया केम-2026 के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद प्रदर्शनी, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम और कारोबारी नेटवर्किंग के कार्यक्रम होंगे। भारत-अमेरिका, भारत-जापान और भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम में व्यापार, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले उद्योगों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
तकनीक, पर्यावरण और औद्योगिक सुविधाओं पर मंथन
सम्मेलन के दूसरे दिन, 23 अक्टूबर को विशेष रसायन, पेट्रोकेमिकल उद्योग, औद्योगिक अधोसंरचना और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा संयंत्र एवं मशीनरी, पंप, वाल्व और कृषि रसायन जैसे विषयों पर भी परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें उत्पादन प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने, नई तकनीक अपनाने और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों पर विचार किया जाएगा। 24 अक्टूबर को सम्मेलन के अंतिम दिन भी प्रदर्शनी जारी रहेगी। सुबह 11:12 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का मुख्य अतिथि संबोधन निर्धारित है। कार्यक्रम का समापन फिक्की की राष्ट्रीय रसायन समिति के चेयरमैन और डीएमसीसी स्पेशियलिटी केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिमल एल. गोकुलदास के धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा।
मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार की संभावनाओं को मिलेगा मंच
रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग विनिर्माण, औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला और सहायक उद्योगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस क्षेत्र में निवेश बढऩे से उत्पादन क्षमता के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मेलन में मध्यप्रदेश की औद्योगिक सुविधाओं और नीतियों को सामने रखकर निवेशकों को राज्य में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराएंगे। इससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नए निवेश प्रस्तावों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
Close