1250 बेरोजगारों को मिला जॉइनिंग लेटर, 4500 अभ्यर्थी हुए शामिल

सतना। एकेएस यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित दो दिवसीय रोजगार पर्व 2026 – युवा संगम में सतना एवं मैहर जिले के 1250 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ। बुधवार को कार्यक्रम के समापन अवसर पर सतना सांसद गणेश सिंह ने चयनित युवाओं को जॉइनिंग लेटर वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद सिंह ने बाहर से आई विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जिले के युवाओं को रोजगार के वास्तविक अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने आयोजनकर्ता उत्थान सेवा फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। सांसद श्री सिंह ने उत्थान एनजीओ के डायरेक्टर श्री विकल्प सिंह को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे रोजगार आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
रोजगार मेले में लगभग 5500 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। प्रथम दिवस (20 जनवरी) को 2500 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार हुए, जिनमें 515 को जॉइनिंग लेटर प्रदान किए गए। द्वितीय दिवस (21 जनवरी) को 2000 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार हुए, जिनमें 735 युवाओं का चयन किया गया। दोनों दिनों में कुल 4500 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू हुआ, जिनमें से 1250 युवाओं को नौकरी के लिए जॉइनिंग लेटर दिए गए। कार्यक्रम का आयोजन उत्थान सेवा फाउंडेशन, सतना द्वारा किया गया, जिसमें जिला प्रशासन सतना–मैहर एवं एकेएस यूनिवर्सिटी, सतना का सहयोग रहा।




