ताजा ख़बरें

“ये कौन हैं धीरेंद्र?” — पप्पू यादव का बागेश्वर के कथावाचक पर तीखा बयान

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर सरकार के एक बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत के दौरान जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा है— “अगर तिरंगे में चाँद आ गया तो समझिए भारत सुरक्षित नहीं है,” तो पप्पू यादव ने पलटकर सवाल किया, “ये कौन हैं धीरेंद्र?”
पत्रकार द्वारा उन्हें कथावाचक बताए जाने पर पप्पू यादव ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “अब चोर–उचक्कों को कथावाचक बना रहे हो? ओशो हैं क्या? आचार्य राममूर्ति हैं क्या? या हमारे बहुत प्यारे बाबा प्रेमानंद जी जैसे हैं?”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे संतों और बाबाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, जिनका धर्म और समाज के प्रति वास्तविक योगदान रहा है। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि जिन लोगों का सनातन धर्म से कोई सरोकार नहीं है और जिन्हें धर्म का ज्ञान नहीं है, वे धर्म और राष्ट्रवाद पर बयानबाज़ी कर रहे हैं।
सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है। चर्चा इस बात पर केंद्रित है कि धार्मिक मंचों से दिए जाने वाले राजनीतिक बयानों की सीमा क्या होनी चाहिए और आस्था व राष्ट्रवाद के नाम पर किस तरह की भाषा स्वीकार्य है।

Related Articles

Back to top button
Close