4.20 करोड़ के गबन पर बड़ी कार्रवाई, 3 प्राचार्य सस्पेंड
रामनगर में स्कूल मरम्मत घोटाला

मैहर जिले के रामनगर विकासखंड में स्कूलों की मरम्मत व निर्माण कार्य के लिए मिली राशि में बड़े पैमाने पर गबन का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश पर की गई कार्रवाई में तीन प्रभारी प्राचार्यों और एक कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच में कुल गबन की राशि करीब 4 करोड़ 20 लाख रुपये पाई गई है।संयुक्त संचालक, रीवा द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासकीय हाईस्कूल मनकहरी के प्रभारी प्राचार्य राजेश कुमार साकेत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिरहाई के प्रभारी प्राचार्य रामाधार वर्मा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझटोलवा के प्रभारी प्राचार्य कामता प्रसाद तिवारी को निलंबित किया गया है। तीनों का मूल पद माध्यमिक शिक्षक है और निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय अमरपाटन तय किया गया है।
कर्मचारी पर भी लापरवाही का आरोप
इसी मामले में संदीपनी स्कूल रामनगर में पदस्थ कर्मचारी विनोद कुमार पटेल को भी निलंबित किया गया है। उन पर देयक तैयार कर कोषालय में प्रस्तुत करने में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय मैहर निर्धारित किया गया है।
18 स्कूलों में 4.20 करोड़ का दुरुपयोग
जांच में सामने आया कि रामनगर विकासखंड के 18 स्कूलों में कुल 4 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि का दुरुपयोग किया गया। कई स्थानों पर बिना कोई कार्य कराए ही ठेकेदारों को भुगतान कर दिया गया। शासकीय हाईस्कूल मनकहरी में बिना काम कराए 24 लाख 79 हजार 383 रुपये का भुगतान वाणी इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं मटेरियल सप्लायर को किया गया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिरहाई और मझटोलवा के प्रभारी प्राचार्यों द्वारा महाकाल ट्रेडर्स को करीब 48 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने का मामला भी सामने आया है।
कलेक्टर के संज्ञान में आया था मामला
पूरा मामला मैहर कलेक्टर रानी बाटड के संज्ञान में आने के बाद जांच समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर ने कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर रीवा और संयुक्त संचालक रीवा को भेजा था। इसी रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इस घोटाले में इससे पहले रामनगर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुलखमा के प्राचार्य को भी निलंबित किया जा चुका है। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




