चित्रकूट में “गड़ा धन” खोदने के शक में बाबा व विधायक के भतीजे की पिटाई! पुलिस जांच में जुटी

सतना जिले के चित्रकूट थाना अंतर्गत टेढ़ी–पतवनिया पंचायत के पुरानेखेर जंगल क्षेत्र में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन के नीचे गड़ा धन खोदने के संदेह में ग्रामीणों ने एक बाबा और एक युवक को पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ की। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे जंगल में गड़ा धन खोदने नहीं, बल्कि जड़ी-बूटी की खोज के लिए गए थे। इस दौरान उनके साथ गया एक अन्य युवक रास्ता भटक गया था, जो रविवार सुबह पालदेव स्थित मुरध्वज आश्रम में सुरक्षित मिल गया।
टार्च की रोशनी से सतर्क हुए ग्रामीण
थाना प्रभारी गिरिजाशंकर बाजपेयी ने बताया कि सतना निवासी रोहित कुशवाहा, जो कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का भतीजा बताया जा रहा है, तथा पन्ना निवासी अनुज पांडेय पालदेव स्थित मुरध्वज आश्रम के बाबा हनुमानदास के पास जड़ी-बूटी लेने गए थे। बाबा के साथ रोहित और अनुज कार से पुरानेखेर पहुंचे, जहां उन्होंने जंगल के नीचे वाहन खड़ा किया और जड़ी-बूटी लेने जंगल में प्रवेश किया।
रात के अंधेरे में मोबाइल टार्च की रोशनी से नीचे उतरते समय जंगल से बार-बार रोशनी दिखाई देने पर ग्रामीण सतर्क हो गए और जंगल की ओर पहुंचे। ग्रामीणों को देखकर तीनों भागने लगे, इसी दौरान अनुज पांडेय अलग हो गया।
युवती होने के दावे पर पुलिस का खंडन
ग्रामीणों ने रोहित कुशवाहा और बाबा को पकड़कर पिटाई कर दी। ग्रामीणों का दावा है कि युवकों के साथ एक युवती भी मौजूद थी, हालांकि चित्रकूट पुलिस ने इस दावे से साफ इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने प्राथमिक जांच कर मामला शांत कराया है। जड़ी-बूटी खोजने के दावे की वास्तविकता की जांच की जा रही है, जबकि पुलिस ने गड़ा धन खोदने की बात से इनकार किया है।




