ताजा ख़बरें

प्रतिबंध के बावजूद मां शारदा मंदिर के गर्भगृह में शस्त्र पूजा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मैहर। मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में प्रतिबंध के बावजूद शस्त्र पूजा किए जाने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा मंदिर के गर्भगृह में शस्त्र पूजा किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। यह घटना 6 फरवरी की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुजारी द्वारा गर्भगृह में मां शारदा की पूजा-अर्चना कराई जा रही है। इस दौरान राजा भैया द्वारा लाई गई रायफल पर पुजारी ने चुनरी बांधी और फूलों की माला चढ़ाकर पूजा कराई। उल्लेखनीय है कि मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश आम श्रद्धालुओं के लिए प्रतिबंधित है।


पुजारी ने सीढ़ियों तक छोड़ा
वीडियो में यह भी देखा गया है कि मंदिर के पुजारी स्वयं राजा भैया को मंदिर की सीढ़ियों तक छोड़ने आते नजर आ रहे हैं। आश्चर्यजनक रूप से, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान न तो पुजारी द्वारा शस्त्र पूजा को रोकने का प्रयास किया गया और न ही वहां मौजूद पुलिस बल द्वारा कोई हस्तक्षेप किया गया।

मंदिर सुरक्षा और नियमों पर सवाल
घटना सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसकी सूचना मंदिर के प्रवेश द्वार पर भी अंकित है। इसके बावजूद जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया अपने समर्थकों के साथ शस्त्र लेकर न केवल मंदिर परिसर में पहुंचे, बल्कि गर्भगृह में भी प्रवेश किया। वीडियो वायरल होने के बाद ही यह मामला सार्वजनिक हुआ, जिस पर अब प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
Close