ताजा ख़बरें

धारकुंडी मार्ग पर बाघ की दस्तक, वीडियो वायरल होते ही वन विभाग अलर्ट

मझगांव वन रेंज अंतर्गत धारकुंडी मार्ग पर रविवार देर शाम एक बाघ के सड़क पार करते हुए दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शाम लगभग 7 बजे धारकुंडी आश्रम जाने वाले रास्ते पर बाघ सड़क पर टहलता नजर आ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपना वाहन रोककर बाघ का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही वन विभाग सक्रिय हो गया है। एहतियातन क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 वन्यजीवों का गढ़ है यह इलाका
मझगांव रेंज के सरभंगा और धारकुंडी के जंगलों में वन्यजीवों की अच्छी-खासी तादाद है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस क्षेत्र में 30 से अधिक बाघ मौजूद हैं। बाघों के अलावा तेंदुआ, हिरण और अन्य जंगली जानवर भी यहां बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। वन्यजीवों की महत्वपूर्ण उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सरभंगा के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे में खनिज उत्खनन पर पहले से ही प्रतिबंध लगा रखा है, ताकि प्राकृतिक आवास सुरक्षित रह सके।

 प्रशासन की अपील
वन विभाग ने स्थानीय लोगों और राहगीरों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र में अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और वन्यजीव दिखने पर दूरी बनाए रखें। वीडियो बनाने या नजदीक जाने की कोशिश खतरनाक हो सकती है। धारकुंडी मार्ग पर बाघ की मौजूदगी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सतना का यह वन क्षेत्र जैव विविधता से समृद्ध है, जहां इंसानों को भी सतर्क रहकर सह-अस्तित्व का संदेश समझना होगा।

Related Articles

Back to top button
Close