होटल में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

भोपाल। प्रदेश के आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (एनएच-46) स्थित मोहना के जैनपथ होटल में संचालित फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का ग्वालियर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से चार लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, चार हेडफोन, अंग्रेजी कॉल स्क्रिप्ट, अमेरिकी नागरिकों का डेटाबेस तथा अन्य सामग्री जब्त की गई है। बरामद सामान की कीमत करीब 3.75 लाख बताई गई है। आरोपी खुद को अमेरिका की प्रसिद्ध लेंडिंग क्लब कंपनी का प्रतिनिधि बताकर अमेरिकी नागरिकों को कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें हर महीने 15 हजार से 20 हजार तक नकद वेतन दिया जाता था. इसके अलावा, कथित ठगी की रकम का पांच प्रतिशत कमीशन भी मिलता था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी 26 वर्षीय अभिषेक राजपूत और 31 वर्षीय शिवेंद्र सिंह परिहार, उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी 20 वर्षीय आर्यन राजपूत तथा नागालैंड के दीमापुर निवासी 23 वर्षीय शुभोम घोष के रूप में हुई है।
फर्जी नामों से करते थे बातचीत
आरोपियों की पहचान राजपूत अभिषेक राजकुमार (26) निवासी अहमदाबाद, शिवेंद्र नरेंद्र सिंह परिहार उर्फ राजन (31) निवासी अहमदाबाद, आर्यन राजपूत उर्फ लाला (20) निवासी झांसी तथा शुभोम घोष उर्फ शुभम (23) निवासी ढीमापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विदेशी नागरिकों का विश्वास जीतने के लिए फ्रेंक, ब्रूस और लुईस हैमिलटन जैसे फर्जी नामों का इस्तेमाल करते थे।




