Uncategorized

अभियान में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता दें : कलेक्टर

सतना। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि 7 अगस्त से 8 जनवरी तक चलने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में प्रति आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में जिला अधिकारी अपने विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन और समय-सीमा में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता दें। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने 7 अगस्त को आयोजित शिविर और भ्रमण कार्यक्रम की समीक्षा की तथा फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर डीएफओ मयंक चांदीवाल, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एडीशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, जीतेन्द्र वर्मा, एलआर जांगडे, राहुल सिलाडिया, सुमेश द्विवेदी, सुभाष मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते सहित विभाग प्रमुख अधिकारी, जनपद के सीईओ तथा नगरीय निकाय के सीएमओ उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की मुख्य सचिव म.प्र. शासन की वीसी में दिये गये निर्देशों की जानकारी में कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत जिले में ब्लाक स्तर, तहसील स्तर पर रोस्टर निर्धारित किया गया है। रोस्टर के अनुसार जिन तहसीलों में कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित होगा, उसमें जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जिले के अन्य ब्लाकों में जहां रोस्टर का दिन निर्धारित नहीं है। उन क्षेत्रों में भी शुक्रवार को तहसील और विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में क्षेत्र भ्रमण शिकायतों का निराकरण, संस्थाओं का निरीक्षण एवं जनता से संवाद करेंगे। कलेक्टर ने बताया कि जिस जिले में मुख्यमंत्री जी का अभियान में भ्रमण होगा उस जिला स्तर पर शिविर, जनसंवाद, निरीक्षण भ्रमण, जिला मुख्यालय में आयोजित किया जायेगा।
जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जनभागीदारी के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों, नगरीय निकाय, संस्थाओं, स्कूल, कॉलेज, ग्राम पंचायत एवं संस्थानों में तिरंगा रैली एवं अन्य आयोजन गरिमा और संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश दिये है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख जिन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे 13 अगस्त तक पूर्ण कराये। समारोह का फाइनल रिर्हसल 13 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउण्ड में प्रात: 9 बजे से किया जायेगा।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए पुरूस्कृत होने वाले अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, अन्य उत्कृष्ट उपलब्धियों को हासिल करने वाले व्यक्तियों को पुरूस्कृत करने का प्रस्ताव सोमवार शाम तक उपलब्ध कराये। कलेक्टर ने जनगणना कार्य की समीक्षा में कहा कि जनगणाना की हैण्डबुक की पूर्तियां कर अतिशीघ्र चार्ज अधिकारियों को प्रस्तुत कर दें। अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों में पदोन्नति के पश्चात तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद रिक्त हुए है। विभागीय निर्देशों और नियमानुसार अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण निराकृत करें। समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में नवीन और नवकरणीय ऊर्जा के अधिकारियों ने कार्यालयों एवं संस्थानों में सोलर संयंत्र लगाने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के 20 किलोवाट से अधिक लोड वाले सभी शासकीय कार्यालयों में सोलर एनर्जी संयंत्र लगाये जायेंगे।

Related Articles

Back to top button
Close