मध्य प्रदेश में शून्य के पास पहुंचा पारा, देश के सबसे ठंडे शहरों में नौगांव दूसरे नंबर पर

उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं से मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मध्य प्रदेश के नौगांव में पारा शून्य के करीब पहुंच गया। यहां तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देश के सबसे कम तापमान वाले शहरों में नौगांव दूसरे नंबर पर रहा।
छतरपुर, सागर एवं दतिया में तीव्र शीतलहर रही। उधर, शुक्रवार को खजुराहो में अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। खजुराहो देश के सबसे ठंडा दिन वाले शहरों में छठवें क्रम पर रहा। छतरपुर एवं ग्वालियर में तीव्र शीतल दिन रहा। छतरपुर, दतिया, गुना जिले में पाले का असर भी दिखा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार से मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में काफी गिरा। शेष संभाग के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान सागर संभाग में सामान्य से विशेष रूप से कम, ग्वालियर एवं भोपाल संभाग में सामान्य से काफी कम रहा। उज्जैन, रीवा और शहडोल संभाग में सामान्य से कम एवं शेष संभाग के जिलों में सामान्य रहा।
इस कारण बढ़ी ठिठुरन
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पिछले तीन दिनों से उत्तर भारत की तरफ से लगातार सर्द हवाएं आ रही हैं। इस वजह से मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ती जा रही है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के असर से शनिवार से उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार से हवाओं का रुख भी बदलने लगेगा। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना भी है।
देश के सबसे कम तापमान वाले शहर
शहर न्यूनतम तापमान
बीकानेर 0
नौगांव 0.2
चुरू 1.0
दतिया 2.5
खजुराहो 2.6
गुना 3.0
फुरसतगंज 3.5
जयपुर 3.6
कोटा 3.6
जम्मू 3.7
देश के सबसे ठंडे दिन वाले 10 शहर
शहर अधिकतम तापमान
करनाल 9.0
अंबाला 9.4
जम्मू 9.9
पटियाला 10.7
अमृतसर 10.8
खजुराहो 11.4
चंडीगढ़ 11.6
मेरठ 11.8
लुधियाना 11.8
बरेली 11.8




