अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान, सतना भाजपा कार्यालय में सीएम मोहन यादव ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन
अटल जी राष्ट्रसेवा और सुशासन के प्रतीक: मुख्यमंत्री मोहन यादव
सतना। भाजपा जिला कार्यालय सतना में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय प्रशासन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भाजपा जिला कार्यालय के प्रांगण एवं सभागार में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, कार्यशैली और व्यक्तित्व से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। राजनीति में रहते हुए भी उन्होंने मर्यादा, संवाद और समन्वय की परंपरा को मजबूत किया।
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन देशभक्ति और जनकल्याण को समर्पित रहा। उनके द्वारा लिए गए निर्णय आज भी देश के विकास की दिशा तय कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष पंडित भगवती प्रसाद पांडेय ने मुख्यमंत्री एवं मंत्री को प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से अटल जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी को प्रेरणादायी बताते हुए अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।




