होर्डिंगों से ढंका सतना: प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत में शक्ति प्रदर्शन की सियासत?
22 मंच, सैकड़ों बैनर… भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष के दौरे ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल
- भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष का पहला दौरा, बैनर-पोस्टरों की होड़ ने खींचा ध्यान
- चौराहे-चौराहे मंच, गली-गली पोस्टर… किसे दिखानी है ताकत?
सतना। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मध्यप्रदेश के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर के प्रथम सतना आगमन को लेकर शहर पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। गली-मोहल्लों, प्रमुख चौराहों, बिजली के खंभों से लेकर बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनरों तक स्वागत संदेशों की भरमार देखी जा रही है। मानो शहर को पोस्टर-बैनरों से दुल्हन की तरह सजा दिया गया हो।
कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने स्तर पर ताकत दिखाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। शहर में 22 स्थानों पर स्वागत मंच तैयार किए गए हैं, जहां प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया जाएगा। कई जगहों पर स्वागत द्वार, फूल-मालाओं और आकर्षक सजावट की व्यवस्था की गई है।
श्याम टेलर बुधवार को रीवा से कार द्वारा मैहर पहुंचे, जहां उन्होंने मां शारदा के दर्शन किए और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वे शाम 4 बजे सतना पहुंचेंगे। शाम 5 बजे भाजपा कार्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें वर्ष 2026 के बजट पर चर्चा प्रस्तावित है।
गौरतलब है कि श्याम टेलर ने नवंबर 2025 में भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष पद की कमान संभाली थी। पदभार ग्रहण करने के बाद से वे प्रदेशभर में लगातार संगठनात्मक दौरे कर रहे हैं। सतना जिले में यह उनका पहला आधिकारिक दौरा है, जिसे लेकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
हालांकि शहर में होर्डिंग और बैनरों की भरमार चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोग इसे संगठन के प्रति समर्पण और उत्साह का प्रतीक मान रहे हैं, तो वहीं राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि स्थानीय स्तर पर नेतृत्व को मजबूत दिखाने और जिलाध्यक्ष के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन की कोशिश भी हो सकती है।
नगरवासियों ने शहर की सौंदर्यता और यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं, क्योंकि कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लगाए गए पोस्टरों से दृश्यता प्रभावित हो रही है।
फिलहाल प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत को लेकर संगठन में उत्सव जैसा माहौल है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि युवा संवाद कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष युवाओं के लिए क्या संदेश और आगामी रणनीति पेश करते हैं।




