
सतना। साल 2025 की विदाई और नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर जहां शहर में उत्साह का माहौल है, वहीं सतना पुलिस और यातायात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सतना ने नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष का जश्न मनाते समय नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। वहीं यातायात पुलिस सतना ने “नववर्ष 2026 – सुरक्षित सफर, खुशहाल सफर” का संदेश देते हुए लोगों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार—
- नशे की हालत में वाहन चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य होगी।
- दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है।
- दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने पर कार्रवाई होगी।
- तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग पर सख्ती बरती जाएगी।
- मॉडिफाइड साइलेंसर एवं तेज आवाज वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर नववर्ष 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल बनाएं।




