ताजा ख़बरें

10 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य, 20–21 जनवरी को सतना में वृहद रोजगार मेला

सतना, मैहर जिले के युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता

सतना। लोकसभा क्षेत्र सतना के सांसद गणेश सिंह की पहल पर सतना जिले में 20 एवं 21 जनवरी को दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले के माध्यम से सतना एवं मैहर जिले के युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

सोमवार को ए.के.एस. विश्वविद्यालय शेरगंज, सतना में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद गणेश सिंह ने बताया कि “सतना रोजगार पर्व–2026” के अंतर्गत यह आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, अपर कलेक्टर विकास सिंह, मैहर जिले से एसडीएम एसपी मिश्रा, सीएसपी देवेन्द्र सिंह, प्राचार्य आईटीआई एवं रोजगार अधिकारी बीडी तिवारी, यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर अनंत सोनी तथा कुलपति प्रो. डॉ. हर्षवर्धन श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

सांसद श्री सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में 9 प्रमुख सेक्टरों की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। युवाओं का चयन उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुसार किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किए जाएंगे। सतना और मैहर जिले के युवा 4 जनवरी से 15 जनवरी तक utthanseva.org/satna-rojgar-parv-2026 लिंक के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी 16 से 18 जनवरी तक की जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 एवं 21 जनवरी को ए.के.एस. यूनिवर्सिटी परिसर में सभी पंजीकृत युवाओं के प्रत्यक्ष साक्षात्कार (इंटरव्यू) लिए जाएंगे। मेले में विश्वविद्यालय में अध्ययनरत अन्य जिलों एवं अन्य राज्यों के युवा भी आवेदन कर सकेंगे।

रोजगार मेले में लॉजिस्टिक एवं ई-कॉमर्स, अपैरल सेक्टर (कपड़ा एवं परिधान उद्योग), इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव, हेल्थ केयर, हॉस्पिटैलिटी, फिनटेक, इंफ्रास्ट्रक्चर, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सिक्योरिटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी।
सांसद ने बताया कि रोजगार देने वाली कंपनियों के लिए अलग से पंजीकरण प्रक्रिया तय की गई है, जिससे जॉब रोल, योग्यता, वेतन संरचना और रिक्तियों की जानकारी पहले से उपलब्ध रहे और चयन प्रक्रिया पारदर्शी व समयबद्ध हो सके। इस आयोजन में भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा राज्य सरकार का सहयोग प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने बताया कि सतना रोजगार पर्व–2026 के माध्यम से सतना संसदीय क्षेत्र के 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में उत्थान सेवा फाउंडेशन एवं शेल्फ एजुकेशन का विशेष योगदान रहेगा।
सहायता एवं संपर्क के लिए संसदीय कार्यालय सतना-मैहर (07672-257999), उत्थान सेवा फाउंडेशन (7000631137), रोजगार कार्यालय सतना (9826577742) तथा ए.के.एस. यूनिवर्सिटी (7089296262) से संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
Close