NHAI ठेकेदार का खुला भ्रष्टाचार: मझगवां–चित्रकूट सड़क गड्डों की मरम्मत में हुआ दिखावटी काम, जनता में आक्रोश
Written by:Shatrughan singh Published:10 January 2026 at 16: 41 IST

सतना। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के ठेकेदार द्वारा मझगवां से चित्रकूट जाने वाली सड़क पर किए गए अनोखे और शर्मनाक भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। मिचकुरिन के आगे नायरा पेट्रोल पंप से पहले लंबे समय से बने भारी-भरकम गड्ढों की मरम्मत के नाम पर ऐसा काम हुआ कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो दिन पहले रात्रि के अंधेरे में इन गड्ढों को सूखी गिट्टी से भरकर ऊपर से केवल इमल्शन (काला लेप) किया गया और रोलर चला दिया गया। यह मरम्मत केवल दिखावटी साबित हुई, क्योंकि दो दिन के भीतर ही गिट्टी सड़क पर फैल गई। इसके बाद ठेकेदार ने मजदूरों से वही गिट्टी उठवाकर बोरियों में भरवा ली, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और आश्चर्य दोनों पैदा हुआ।
यह समझ से परे है कि यह कार्रवाई किस सिस्टम और किस नियम के तहत की गई। आम जनता के लिए यह न केवल आश्चर्यजनक, बल्कि बेहद खेदजनक और शर्मनाक मामला है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी द्वारा मझगवां क्षेत्र की निर्माणाधीन सड़कों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर एक उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया गया था, जो अगले दिन मौके पर आनी थी। इसी के चलते NHAI के जिला ईई और एसडीओ ने आनन-फानन में ठेकेदार को गड्ढे भरने के निर्देश दिए। जल्दबाजी में की गई इस कार्रवाई का नतीजा सूखी गिट्टी से लीपापोती के रूप में सामने आया।
अब सवाल यह है कि क्या इस गंभीर और शर्मनाक मामले पर केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संज्ञान लेंगे? या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। साथ ही यह देखना अहम होगा कि क्या सतना विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर ठोस कार्रवाई होगी या नहीं।




