चितहरा–बिरसिंहपुर सड़क मरम्मत में घटिया सामग्री का प्रयोग, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Written by: Shatrughan singh published: 10 january at 16: 48 IST

सतना–चित्रकूट मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली चितहरा से बिरसिंहपुर सड़क पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत हो रहे मरम्मतीकरण कार्य में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। इस सड़क सुधार कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेकेदार सड़क सुधार में अत्यंत निम्न गुणवत्ता वाले लिक्विड टैक कोट का प्रयोग कर रहा है, जिससे सड़क निर्माण के साथ ही उखड़ने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मानक मापदंडों की अनदेखी कर किया जा रहा यह कार्य सीधे तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग को दर्शाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी को शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति गहरा असंतोष पनप रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच की जाए और दोषी ठेकेदार तथा अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।




