ताजा ख़बरें

सड़क चौड़ीकरण में बाधक बने तीन मंदिरों का अतिक्रमण हटाया, गौरीहार मंदिर पर हाईकोर्ट की रोक

सतना. सतना जिले के चित्रकूट में बुधवार को सड़क चौड़ीकरण के कार्य में बाधक बने तीन मंदिरों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान प्राचीन गौरीहार मंदिर की बारादरी को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई, लेकिन हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर जारी होते ही प्रशासन को कार्रवाई रोकनी पड़ी। स्टे मिलने से पहले प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल और मशीनों के साथ करीब एक घंटे तक तोड़फोड़ की।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का दल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। कार्रवाई शुरू करने से पहले पूरे मंदिर परिसर की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद बारादरी के कमरों में रखा सामान बाहर निकलवाया गया। सामान हटते ही एक पोकलेन और चार जेसीबी मशीनों की मदद से बारादरी गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

करीब एक घंटे तक मशीनें चलती रहीं। इसी दौरान अधिकारियों को हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर जारी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल गौरीहार मंदिर की बारादरी को गिराने का कार्य रुकवा दिया। स्टे मिलने के बाद प्रशासन ने अपना रुख बदलते हुए कार्रवाई गायत्री मंदिर की ओर मोड़ दी, जहां गायत्री मंदिर की बाउंड्री वॉल हटाई गई। इसके बाद अड़गड़वा स्थित हनुमान मंदिर का अतिक्रमण भी हटाया गया। किसी भी प्रकार के विरोध या विवाद की आशंका को देखते हुए पूरे समय मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

 


फोरलेन सड़क का निर्माण जारी
चित्रकूट में मोहकमगढ़ तिराहे से पीली कोठी तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें से लगभग 60 प्रतिशत सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। पर्यटन बंगले से पीली कोठी तक का कार्य अभी शेष है। वहीं रामघाट से पीली कोठी तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अतिक्रमणों को प्रशासन द्वारा हटाया जा रहा है।

कड़ी सुरक्षा में हुई कार्रवाई
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। मौके पर सतना जिले की पांच तहसीलों के एसडीएम, एडिशनल एसपी सहित जिले के आधा दर्जन थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

Related Articles

Back to top button
Close