Uncategorized

सतना में नगर गौरव दिवस का आगाज, महापौर ने बच्चों संग उड़ाई पतंग

सतना। शहर में दो दिवसीय नगर गौरव दिवस का शनिवार को उल्लासपूर्ण आगाज हुआ। इस अवसर पर महापौर योगेश ताम्रकार ने बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर आयोजन की शुरुआत की। व्यंकटेश लोक में गीत-संगीत के बीच विभिन्न कलाओं का मनोहारी प्रदर्शन किया गया।
यह आयोजन 25 जनवरी को सतना नगर निगम के 45 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महापौर योगेश ताम्रकार ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और शहर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प दिलाया।
कला, रंग और प्रतियोगिताओं की धूम
व्यंकटेश लोक में पेंटिंग, रंगोली और पतंगबाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महापौर और परिषद अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

महिलाओं ने दिखाया बघेली स्वाद
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए बघेली व्यंजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने बघेलखंड के पारंपरिक व्यंजन—रिकमज रसाज, चीला, उसिना, बरा मुगौरा और इंदरहर—तैयार कर स्थानीय स्वाद और संस्कृति की झलक पेश की।

शाम को मंचीय कार्यक्रम
नगर गौरव दिवस के तहत शाम को बीटीआई ग्राउंड में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विचारक एवं चिंतक बाबा सत्यनारायण मौर्य का व्याख्यान हुआ। उन्होंने मंच पर महापुरुषों के चित्र भी उकेरे, जिसे दर्शकों ने सराहा।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
Close