अपराध

नागौद के पनगरी में शादी के गहनों पर चोरों का हाथ साफ, 80 हजार नकद भी ले उड़े

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र की पोंडी चौकी अंतर्गत पनगरी गांव में सोमवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बेटी की शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात और घर की छपाई के लिए रखी 80 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार पनगरी निवासी लक्ष्मण सिंह पीथमपुर में नौकरी करते हैं। घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। घर में उनकी पत्नी, बहू और बेटी थीं। देर रात अज्ञात बदमाशों ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला।
चोरों ने शादी के लिए सहेजकर रखे गहने और नकदी समेट ली। वारदात इतनी शातिराना ढंग से की गई कि घर के लोगों को भनक तक नहीं लगी।

 सुबह मचा हड़कंप
सुबह जब परिवार की नजर टूटी अलमारी और बिखरे सामान पर पड़ी तो पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच इस चोरी ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। नागौद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
Close