तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क किनारे पैदल चल रही दो मासूम बच्चियों की मौत

सतना। सिंहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। पहाड़ीखेरा–कालिंजर स्टेट हाईवे पर दसमा मील के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही बच्चियों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार पहाड़ीखेरा की ओर से आ रही कार क्रमांक एमपी 19 सीबी 6289 तेज गति में थी। कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही बच्चियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित नागौद साइड फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार मृत बच्चियों की पहचान सोनम दहायत (12 वर्ष) पिता रमेश दहायत, निवासी सिंहपुर दसमा मील और मोनवी दहायत (9 वर्ष) पिता महेश दहायत के रूप में हुई है।
स्कूल में पढ़ती थीं दोनों मासूम
मोनवी डंडियां प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीसरी की छात्रा थी, जबकि सोनम कक्षा पांचवीं में पढ़ती थी। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चियां सुबह घर से साहू किराना दुकान पर टोस्ट लेने गई थीं। सामान लेकर लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही स्कूल और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शवों को गोद में लेकर बिलखते रहे परिजन
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बच्चियों के शवों को गोद में लेकर विलाप करते परिजनों को देख हर आंख नम हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।
CCTV से आरोपी चालक की तलाश
आरोपी चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही टोल प्लाजा और मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी अजय अहिरवार ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




