होमस्टे को प्रोत्साहित करने पर्यटन और वन विभाग मिलकर करें काम

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और उनके बेहतर संचालन के लिए पर्यटन विभाग, वन तथा संस्कृति विभाग के साथ समन्वय कर गतिविधियों का संचालन करें। इससे ग्रामीण और वनांचल में स्थित होमस्टे को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिलेगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटन विकास निगम द्वारा निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित गतिविधियों के लिए जारी होने वाली अनुमतियों में विलंब नहीं हो। प्रत्येक स्तर पर त्वरित, सुगम और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित गतिविधियों की मंत्रालय में समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम डॉ. इलैयाराजा टी. तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग, राजमार्ग तथा ग्रीनफील्ड के पास विकसित होने वाले मार्ग सुविधा केन्द्रों के साथ हॉस्पिटल, ट्रामा सेंटर, पेट्रोल पम्प, चार्जिंग स्टेशन आदि की व्यवस्था की जाए। इनका संचालन पीपीपी मोड पर करने के संबंध में भी विचार किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी बड़े शहरों में निजी निवेश को प्रोत्साहित कर कन्वेंशन सेंटर विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए आस्था से जुड़े सभी स्थानों तक आवागमन और वहां की व्यवस्था बेहतर बनाने में हर संभव सहयोग दिया जाए।
भगोरिया मध्यप्रदेश का विलक्षण उत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन में आरंभ हो रही कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्ग पर प्रत्येक 15-20 किमी पर भोजन-प्रसादी आदि की व्यवस्था हो। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सुविधा केंद्रों की व्यवस्था भी की जाए। इस व्यवस्था में धार्मिक संस्थाओं से सहयोग और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि भगोरिया मध्यप्रदेश का विलक्षण उत्सव है, अगले वर्ष के भगोरिया की तिथियां अभी से जारी कर इसका राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। बताया गया कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के लिए भी कार्यवाही जारी है।
आज होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव वन्य जीव संरक्षण के लिए प्राप्त वाहनों का लोकार्पण एवं वन्य जीव संरक्षण गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री विभागीय प्रकाशनों का विमोचन, सक्रिय वन्य जीव प्रबंधन से संबंधित वृत्त चित्रों के टीजर रिलीज और राज्य वन्य प्राणी बोर्ड के पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित सदस्यों का अभिनन्दन भी करेंगे। मुख्यमंत्री वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वन सुरक्षा समितियों, ईको विकास समिति, ग्राम वन समिति एवं वन कर्मियों को पुरस्कार वितरण भी करेंगे। कार्यक्रम में स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।




