Uncategorized

सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर सख्ती, तीन तहसीलदारों को नोटिस

सतना। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। राजस्व विभाग में कमजोर प्रदर्शन पाए जाने पर रामपुर बघेलान, बिरसिंहपुर और कोटर के तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

सोमवार को आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने कलेक्टर–कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडा बिंदुओं के साथ रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनवीडीए, जल संसाधन, पावर ग्रिड, पीडब्ल्यूडी ब्रिज, एयरपोर्ट और नगरीय निकायों से जुड़े अंतरविभागीय समन्वय विषयों की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर विकास सिंह, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, बीके मिश्रा, एलआर जांगड़े, जितेन्द्र वर्मा, सुमेश द्विवेदी, नगर निगम उपायुक्त सत्यम मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बताया कि नामांतरण के 229 प्रकरण छह माह से अधिक समय से लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग का संतुष्टिपूर्ण निराकरण प्रतिशत मझगवां तहसील में 42 प्रतिशत और बिरसिंहपुर में मात्र 11 प्रतिशत पाया गया।

सीएम हेल्पलाइन में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक नान, जिला आबकारी अधिकारी, सभी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन, सहायक श्रमायुक्त, जिला पंजीयक सहकारिता, जिला अस्पताल के डीपीएम, विकासखंडों के बीपीएम तथा रामपुर बघेलान, नागौद, उचेहरा और मझगवां के बीएमओ को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग में सैम और मैम बच्चों के प्रबंधन में जिले की स्थिति कमजोर पाए जाने पर कलेक्टर ने सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को स्वास्थ्य एवं पोषण तथा जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में खाद और राशन वितरण की भी समीक्षा की गई।

Related Articles

Back to top button
Close