ताजा ख़बरें

सिवनी के क्लर्क के पास आय से 5 गुना अधिक संपत्ति

भोपाल। लोकायुक्त पुलिस ने जबलपुर और सिवनी में एक पंचायत बाबू के आधा दर्जन ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। छापों के बाद शुरुआती जांच में ही बाबू के पास आय से लगभग 100 प्रतिशत अधिक प्रॉपर्टी मिली है। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने पंचायत विभाग के सहायक ग्रेड-टू सुभाष शर्मा के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
फिलहाल सिवनी के क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ सुभाष शर्मा मूल रूप से जबलपुर के राजीव गांधी वार्ड स्थित अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला है। लोकायुक्त ने पुख्ता शिकायत के बाद इसके ठिकानों पर दबिश दी। छापों के दौरान सुभाष शर्मा के जबलपुर स्थित मकान से सोने और चांदी के जेवर भी मिले हैं। अब तक की पड़ताल में उसके पास से 80 लाख के आभूषण वरामद हुए हैं। इसके अलावा उसके घर से 42 लाख का लग्जरी वाहन फॉच्र्यूनर के साथ एक सफारी कार और बुलेट भी मिली है। सुभाष आलीशान जिंदगी जीने का शौकीन है लिहाजा उसके मकान में 84 लाख रूपए का सामान भी मिला है। इसके अलावा उसके फार्म हाउस से एक ट्रेक्टर भी मिला है। उसने फॉर्म हाउस और मकान में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया हुआ था।
लंबे समय से था रडार पर
असल में सुभाष शर्मा के खिलाफ कई शिकायतें जांच एजेंसियों के पास पहुंच रही थीं। छापे से पहले लोकायुक्त के स्टाफ के सत्यापन में सुभाष पर लगाए आरोप और दिए गए प्रॉपर्टी के विवरण सही पाए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर शनिवार सुबह आधा दर्जन टीमों ने जबलपुर स्थित उसके निवास, जबलपुर के त्रिमूर्ति नगर में दूसरे मकान, पाटन में बने फार्म हाउस, सिवनी में बाबू के किराए के मकान के साथ ही दफ्तर पर भी दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान जैसे-जैसे दस्तावेज और संपत्तियों के कागजात खंगाले गए, वैसे-वैसे काले धन की परतें उधडऩे लगीं। शुरुआती जांच में सुभाष शर्मा के यहां से उसकी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर आधा दर्जन से अधिक जमीन, मकान, प्लॉट और फार्म हाउस का पता चला है। लोकायुक्त के अनुसार सुभाष की कुल वैध आय लगभग एक करोड़ है, जबकि उसने नौकरी की अवधि में ही नौ करोड़ से अधिक की प्रॉपर्टी बना ली।
अब तक इतनी संपत्ति का हुआ खुलासा
– सोने-चांदी के जेवर 79 लाख 40 हजार
– फॉच्र्यूनर, सफारी, ट्रेक्टर, बुलेट – 56 लाख
– विलासिता का सामान 84 लाख
– करमेता आधारताल में पत्नी के नाम 4581 वर्गफीट का प्लॉट-2.88 करोड़
– अंबेडकर कॉलोनी जबलपुर में 2400 वर्गफीट पर बना दो मंजिला मकान 65 लाख
– मुरगवां पाटन में पत्नी के नाम जमीन 26 लाख
– लोहारी पाटन में पत्नी के नाम जमीन – 1.11 करोड़
– लोहारी पाटन में पत्नी के नाम 5400 वर्गफीट का फॉर्म हाउस – 95 लाख
– पारस कॉलोनी जबलपुर में 750 वर्गफीट पर बना दो मंजिला मकान – 15 लाख
– लोहारी गांव, कटंगी रोड में 7 एकड़ जमीन, खेती के उपकरण, एक करोड़ 40 लाख
– जबलपुर के आधारताल और गोहलपुर में दो प्लॉट 56 लाख
बैंक खाते और लॉकर की जानकारी मिली, निवेश के दस्तावेज भी जब्त
लोकायुक्त पुलिस ने जैसे ही बाबू के घर रेड मारी उसने बगैर ना-नुकुर किए अपने घर की अलमारियों की चाबियां जांच दलों को सौंप दी। इसके बाद जैसे ही छानबीन शुरू हुई वैसे ही जेवरों के साथ अन्य संपत्तियों के दस्तावेज भी बरामद होने लगे। फिलहाल जांच दल को बैंक खाते, एफडी, लॉकर और निवेश से जुड़े अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिसकी पड़ताल के बाद ही आय से अधिक संपत्ति का सही मूल्यांकन हो सकेगा। जांच दल में शामिल अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मिली प्रॉपर्टी में से अधिकांश सुभाष की पत्नी शीला के नाम पर है और इनकी रजिस्ट्री सुभाष ने नौकरी लगने के बाद कराई है। ऐसे में इन सभी संपत्तियों को अपराध की आय माना जा रहा है, जो रिश्वत की रकम से बनाई गई।

Related Articles

Back to top button
Close