ताजा ख़बरें

जापान के एशियन गेम्स में हुनर दिखाएंगी मध्य प्रदेश की रीमा सेन

इंदौर। जीवनदायिनी नर्मदा नदी का तेज बहाव अब प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। नगर की सहस्त्रधारा में बने अंतरराष्ट्रीय कैनो सलालम ट्रैक पर प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा निखारने वाली किसान परिवार की रीमा सेन अब जापान में 20वें एशियन गेम्स में भारत के लिए पदक की चुनौती पेश करेंगी। उनके साथ मप्र के चार अन्य खिलाड़ी भी एशियाई खेलों की कैनो सलालम स्पर्धाओं में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जापान के आईची-नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स में मप्र के 32 खिलाड़ी 10 खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें कैनो सलालम के पांच खिलाड़ी शामिल हैं। इंदौर के प्रद्युम्न सिंह राठौड़ व शिखा चौहान, महेश्वर के हितेश केवट, मोगावां की रीमा सेन व मितवास की पल्लवी जगताप अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाएंगी।
नर्मदा की तेज धार बनी प्रशिक्षण की पाठशाला
कैनो सलालम रोमांच व जोखिम से भरा खेल है। सहस्त्रधारा के तेज बहाव वाले जल क्षेत्र में खिलाड़ी नाव को नियंत्रित करते हुए निर्धारित गेट्स को पार करते है। कुछ गेट धारा की दिशा में तो कुछ उसके विपरीत पार करने होते हैं। जरा सी चूक समय व परिणाम दोनों को प्रभावित कर सकती है।
ऐसे में खिलाड़ी के लिए शारीरिक क्षमता के साथ तकनीक, संतुलन, गति व मानसिक मजबूती आवश्यक होती है। नगर में निर्मित अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर निरंतर अभ्यास करते हुए इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया है।
सीमित संसाधनों के बीच देखा बड़ा सपना
सेन का संबंध एक साधारण किसान परिवार से है। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी रीमा के सामने संसाधनों की सीमाएं थीं, लेकिन उन्होंने परिवार के सहयोग और कड़ी मेहनत के बल पर लगातार अभ्यास जारी रखा। नर्मदा की तेज धार के बीच नाव संभालते हुए रीमा ने न केवल खेल की बारीकियां सीखीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करना भी सीखा। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की उन प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है, जो सीमित सुविधाओं के बावजूद आगे बढ़ने का सपना देखती हैं।
जानिए कौन-सी स्पर्धा में कौन दिखाएगा दम
भारतीय दल की आधिकारिक सूची के अनुसार शिखा चौहान महिला कयाक क्रास, जबकि पल्लवी जगताप व रीमा सेन महिला कैनो सिंगल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं हितेश केवट व प्रद्युम्न सिंह राठौड़ पुरुष कयाक सिंगल व कयाक क्रास स्पर्धाओं में दावेदारी पेश करेंगे।

Related Articles

Back to top button
Close