सभी को समान अधिकार मिलना चाहिए: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग का 32वां स्थापना दिवस कार्यक्रम रविवार को भोपाल के आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विशिष्ट अतिथि जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह थे। कार्यक्रम में आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष एपी सिंह, विधायक भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अनुसूचित जनजाति वर्ग के मानव अधिकारों का संरक्षण एवं शासकीय योजनाओं की उन तक पहुंच विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी नागरिकों को समान अधिकार और महिलाओं की बराबरी के लिए प्रतिबद्ध है। सभी को समान अधिकार मिलना चहिए। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा चुकी है।




