फेस्टिव सीजन में मप्र के कर्मचारियों को डीए का तोहफा!

भोपाल। मध्य प्रदेश के करीब साढ़े सात लाख सरकारी कर्मचारियों को दिवाली से पहले महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का इंतजार है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार कर्मचारियों के डीए में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने पर विचार कर रही है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो वर्तमान 58 प्रतिशत डीए बढकऱ 60 प्रतिशत हो जाएगा। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा 15 अक्टूबर के बाद किए जाने की संभावना बताई जा रही है। हालांकि फिलहाल सरकार की ओर से अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है।
राज्य कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित 2 प्रतिशत डीए वृद्धि 1 जनवरी 2026 से लंबित बताई जा रही है। बढ़ोतरी लागू होने पर कर्मचारियों को जनवरी से इसका लाभ देने की स्थिति में करीब 10 महीने का एरियर भी बन सकता है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, डीए में 2 प्रतिशत वृद्धि से सरकार पर करीब 82 करोड़ रूपए प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। जनवरी से अक्टूबर तक के संभावित 10 महीने के एरियर का भार करीब 820 करोड़ रूपए हो सकता है। हालांकि एरियर का भुगतान किस अवधि से और किस तरीके से किया जाएगा, यह अंतिम सरकारी आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।
किसे कितना फायदा
डीए मूल वेतन के आधार पर बढ़ता है, इसलिए अलग-अलग वेतन स्तर वाले कर्मचारियों को मिलने वाला अतिरिक्त पैसा अलग होगा। चतुर्थ श्रेणी को 30 हजार मूल वेतन पर करीब 600 रूपए प्रतिमाह का लाभ मिलेगा। वहीं तृतीय श्रेणी को 40-50 हजार मूल वेतन पर करीब 800 से 1,000 रूपए प्रतिमाह, अधिकारी वर्ग को 70 हजार से 1 लाख या अधिक मूल वेतन पर करीब 1,400 से 2,000 रूपए प्रतिमाह और वरिष्ठ/सुपर क्लास-1 अधिकारी को अधिक मूल वेतन होने पर करीब 3,500 से 4,000 रूपए तक अतिरिक्त राशि मिल सकती है। ये अनुमानित आंकड़े हैं। वास्तविक लाभ कर्मचारी के मूल वेतन और लागू वेतन संरचना के अनुसार अलग-अलग होगा।
केंद्र के डीए पर भी कर्मचारियों की नजर
मध्य प्रदेश के कर्मचारियों के साथ केंद्रीय कर्मचारियों के डीए को लेकर भी चर्चा जारी है। केंद्र में 1 जुलाई 2026 से डीए संशोधन लंबित बताया जा रहा है और करीब 3 प्रतिशत वृद्धि की संभावना की चर्चाएं हैं। फिलहाल मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की नजर राज्य सरकार के आधिकारिक आदेश पर है। यदि 2 प्रतिशत की वृद्धि और लंबित अवधि का एरियर मंजूर होता है, तो दिवाली के आसपास कर्मचारियों को नियमित वेतन में बढ़ोतरी के साथ पिछली अवधि का भुगतान भी मिल सकता है।




