Uncategorized

सेमरिया–धारकुंडी सड़क निर्माण में बड़ी गड़बड़ी, घटिया काम पर रोक

मझगवां एसडीओ ने रोका निर्माण, आधा किमी सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश

सतना। सतना जिले के धारकुंडी से रीवा जिले की सेमरिया को जोड़ने वाली सड़क के नवीनीकरण कार्य में गंभीर खामियां सामने आई हैं। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी के आरोपों के बीच ठेकेदार कंपनी शुभ कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। खराब गुणवत्ता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचा।
शिकायत मिलते ही मझगवां के एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क निर्माण में उपयोग किया गया ओजीपीएस और सीलकोट बेहद घटिया गुणवत्ता का है। साथ ही सड़क की पटरी भी तय मानकों के अनुरूप नहीं बनाई गई थी। इस लापरवाही के चलते करीब आधा किलोमीटर सड़क को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
14 किलोमीटर सड़क का है ठेका
शुभ कंस्ट्रक्शन को सेमरिया–धारकुंडी मार्ग के 14 किलोमीटर डामर नवीनीकरण का ठेका दिया गया है। यह कार्य अनुबंध क्रमांक 47/मझगवां/2024-25 के तहत किया जा रहा है। अधिकारियों ने ठेकेदार को निर्देशित किया है कि वह मानकों के अनुसार दोबारा सड़क निर्माण कर उसकी फोटो और तकनीकी रिपोर्ट विभाग को सौंपे।
मुख्य अभियंता ने मांगी तकनीकी जांच रिपोर्ट
लोक निर्माण विभाग, रीवा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.के. लच्छे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शहडोल संभाग के अधीक्षण यंत्री और प्रयोगशाला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मझगवां उप-संभाग में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच की जाए।
उन्होंने दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। निर्देश के अनुसार हर सड़क से कम से कम तीन सैंपल लेकर गुणवत्ता परीक्षण किया जाएगा।
अन्य सड़कों में भी गड़बड़ी के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुभ कंस्ट्रक्शन द्वारा बनाई जा रही अन्य सड़कों, विशेषकर सरभंगा–बिछियन मार्ग, में भी घटिया निर्माण किया गया है। कई स्थानों पर मिट्टी में पाइप डालकर ऊपर से रंग-रोगन कर पुलिया दर्शाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस मार्ग पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके और जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
Close