Uncategorized

प्रधानमंत्री से भी शिकायत करो, जांच हम ही करेंगे, पुलिसकर्मी का धमकी भरा वीडियो 

सतना। रामपुर बाघेलान क्षेत्र अंतर्गत कोटर थाना  में पदस्थ  एएसआई   नरेश सिंह बघेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी ग्राम पंचायत अकौना के सरपंच पति अनुराग सिंह को कथित तौर पर धमकाते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में पुलिसकर्मी यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि “प्रधानमंत्री से भी शिकायत कर लो, जांच हम ही करेंगे।” इस कथन को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले ग्राम पंचायत अकौना की सरपंच द्वारा संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद अब पुलिसकर्मी का यह नया रूप सामने आने की बात कही जा रही है।

सरपंच पक्ष का आरोप है कि बीट प्रभारी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है और शिकायत वापस लेने की धमकी दी जा रही है। वहीं वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

प्रशासनिक कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वायरल वीडियो को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के बयान पुलिस की गरिमा और कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं।

Related Articles

Back to top button
Close