ब्रेकिंग न्यूज़

“सतना में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ऐसा आरोप, जिसे सुनकर अफसर भी रह गए हैरान…बिना लाइसेंस मीट दुकान पर कार्रवाई के दौरान हंगामा

सतना। सतना शहर के नजीराबाद इलाके में शनिवार को बिना लाइसेंस संचालित मीट दुकान और स्लॉटर हाउस को सील करने पहुंची प्रशासनिक टीम के समक्ष उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब दुकान संचालक ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगा दिए। कार्रवाई के दौरान मीट कारोबारी द्वारा अधिकारियों पर “पाकिस्तान से पैसा लेकर कार्रवाई करने” जैसा आरोप लगाए जाने से मौके पर मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नजीराबाद क्षेत्र में बिना लाइसेंस मीट दुकान और स्लॉटर हाउस संचालित होने की शिकायत पर एसडीएम  राहुल सिलड़िया, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राघवेन्द्र द्विवेदी एवं नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा था। टीम द्वारा जैसे ही दुकान की जांच शुरू की गई, तभी दुकान संचालक यूनिस कुरैशी ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया, जिससे एसडीएम और व्यापारी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित मीट दुकान के पक्ष में न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त है। कोर्ट के स्टे के चलते प्रशासन दुकान को सील करने की कार्रवाई नहीं कर सका और टीम को बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा।
इस संबंध में एसडीएम राहुल सिलड़िया ने व्यापारी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया और कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालना कानूनन अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की हरकतों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरोपों के पीछे कारोबारी विवाद की चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि यूनिस कुरैशी और हाजी मुन्ना के बीच मीट कारोबार को लेकर लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही है। यूनिस कुरैशी का आरोप है कि इसी आपसी विवाद के चलते उसके खिलाफ बार-बार कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि कोर्ट से प्राप्त स्टे के संबंध में आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
Close