24-25 जनवरी को होगा सतना गौरव दिवस का दो दिवसीय भव्य आयोजन

सतना। सतना गौरव दिवस के भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन को लेकर नगर निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने की, जिसमें नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सतना गौरव दिवस सतना नगर निगम के गठन दिवस हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है, क्योंकि सतना नगर निगम की स्थापना 25 जनवरी, 1981 को हुई थी। इसका उद्देश्य शहर की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना, नई पीढ़ी को परंपराओं से जोडऩा और स्थानीय पहचान को मजबूत करना। यह उत्सव पहली बार 2023 में मनाया गया था। इस वर्ष यह चौथा आयोजन होगा।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर सत्यम मिश्रा, एसके सिंह सहित नगर निगम के समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों को सौंपे जाने वाले दायित्वों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
दो दिवसीय होगा आयोजन
बैठक में निर्णय लिया गया कि सतना गौरव दिवस (25 जनवरी) इस वर्ष दो दिवसीय आयोजन के रूप में 24 एवं 25 जनवरी को पूरे गौरव और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं जनभागीदारी से भरपूर बनाने के लिए विविध गतिविधियों के आयोजन पर सहमति बनी।
नागरिक सहभागिता पर रहेगा जोर
महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य है कि सतना गौरव दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न रहकर सतना की संस्कृति, विरासत, विकास और आत्मसम्मान का उत्सव बने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि यह पर्व जन-जन से जुड़ सके।




