40 लाख का गांजा बरामद, एक गिरफ्तार, कुख्यात तस्कर जस्सा फरार
उचेहरा पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 4 क्विंटल गांजा जब्त

सतना। सतना जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उचेहरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये कीमत का 4 क्विंटल गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
भूसा रखने वाले कमरे से निकला 4 क्विंटल गांजा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उचेहरा थाना प्रभारी टीआई सतीश मिश्रा के नेतृत्व में शनिवार देर रात परसमनिया पठार क्षेत्र के सखौंहा खुर्द गांव में छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान सन्यासी टोला निवासी रामाधार चौधरी (50) के घर स्थित भूसा रखने वाले कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी में प्लास्टिक की 15 बोरियों में छिपाकर रखा गया करीब 4 क्विंटल गांजा बरामद किया गया।
कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा का नाम आया सामने
पूछताछ में आरोपी रामाधार चौधरी ने खुलासा किया कि बरामद गांजा कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा का है। आरोपी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले जस्सा के गुर्गे मनीष यादव ने यह गांजा उसके घर में छिपाकर रखा था।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने रामाधार चौधरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस प्रकरण में मनीष यादव और अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा को भी आरोपी बनाया गया है।
तीन दिन में नशे पर दूसरी बड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई परसमनिया पठार क्षेत्र में तीन दिन के भीतर नशे के खिलाफ पुलिस की दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले पुलिस ने मेडिकल नशे के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की थी।
नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप पहले हो चुकी है जब्त
16 जनवरी की रात पुलिस ने मडफई इलाके में चौरसिया बाई साकेत के घर से 28 लाख 80 हजार रुपये कीमत की 120 पेटी नशीली कफ सिरप जब्त की थी। उस मामले में महिला समेत मनीष यादव और शैलेन्द्र गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। इसी कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े अहम सुराग पुलिस को मिले थे।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस जेल में बंद मनीष यादव की रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। वहीं, इस नशा तस्करी के मास्टरमाइंड अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



