“50 हजार रुपये में मिलेगा सुकून भरा बुढ़ापा”भोपाल में शुरू हुआ फाइव-स्टार सुविधाओं वाला ओल्ड एज होम

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुजुर्गों के लिए फाइव-स्टार होटल जैसी सुविधाओं से लैस आधुनिक ओल्ड एज होम की शुरुआत की गई है। करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओल्ड एज होम का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर का निरीक्षण भी किया।
इस ओल्ड एज होम का निर्माण सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा किया गया है। यहां कमरे के आकार और सुविधाओं के अनुसार 38,490 रुपये से 49,990 रुपये प्रतिमाह तक का किराया तय किया गया है।
ओल्ड एज होम में बुजुर्गों को कॉल बेल, इंटरकॉम, टेलीफोन, टीवी, फ्रिज, एसी समेत आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह सुविधा विशेष रूप से उन बुजुर्गों के लिए है, जिनके बच्चे बड़े शहरों में नौकरी या व्यवसाय के कारण बाहर रहते हैं और माता-पिता यहां अकेले रहते हैं। यहां उन्हें न केवल बेहतर देखभाल मिलेगी, बल्कि एक सुरक्षित और सामाजिक माहौल भी मिलेगा।
भोपाल के लिंक रोड नंबर-1 पर पांच एकड़ क्षेत्र में बने इस ओल्ड एज होम में कुल 34 कमरे हैं, जिनमें 12 सिंगल बेड और 22 डबल बेड की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही यहां 24 घंटे डॉक्टर और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
सरकार का उद्देश्य बुजुर्गों को सम्मानजनक, सुरक्षित और आरामदायक जीवन उपलब्ध कराना है, ताकि उनका बुढ़ापा चिंता नहीं, बल्कि सुकून के साथ बीते।




