ताजा ख़बरें

मैहर में पुतला दहन के दौरान हादसा: ट्रैफिक टीआई झुलसे, विरोध प्रदर्शन के बीच भड़की आग

हालात संभालते समय घायल हुए टीआई विक्रम सिंह पाठक

मैहर में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रदर्शन के बीच ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना उस समय हुई जब प्रदर्शनकारी पुतला दहन कर रहे थे और पुलिस उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थी। यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ किया जा रहा था। आरोप है कि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुतला दहन के दौरान अचानक आग तेज़ी से भड़क गई। हालात काबू में करने पहुंचे टीआई विक्रम सिंह पाठक आग की लपटों में आ गए और झुलस गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद मैहर एसपी ने बयान जारी करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इससे सभी आहत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल बेहद खतरनाक है और इससे आम लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की बात कही है। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button
Close