ताजा ख़बरें

थोड़ी ही देर में नई कैबिनेट का शपथग्रहण, जानें किन चेहरों को मिला मौका

नई दिल्ली, एजेंसियां। थोड़ी ही देर केंद्रीय मंत्रिपरिषद में विस्तार होने जा रहा है। मंत्रिमंडल विस्‍तार से पहले कई मंत्रियों की छुट्टी हो गई है। कैबिनेट फेरबदल और विस्तार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्री पद के संभावित चेहरों के साथ अपने आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया और सर्बानंद सोनोवाल सभी संभावित मंत्री मौजूद थे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। आइए जानें किन नए चेहरों को मिला मौका…

43 चेहरे होंगे शामिल

कैबिनेट विस्तार में 43 चेहरों को शामिल किया जाएगा। जिन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा उनमें नारायण राणे, सर्वानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमरा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरसीपी सिंह, अश्विनी वैष्णव, पशुपति कुमार पारस, किरण रिजिजू, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, भूपेंद्र यादव, पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी प्रमुख हैं।

इन नेताओं को भी जगह

मंत्रिमंडल विस्‍तार में अनुराग ठाकुर, पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, सत्यपाल सिंह बघेल, राजीव चंद्रशेखर, शोभा करंदलाजे, भानुप्रताप सिंह वर्मा, दर्शना विक्रम जरदोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्णा लेखी, ए नारायण स्वामी, कौशल किशोर, अजय भट्ट, बीएल वर्मा, अजय कुमार, देवसिंह चौहान, भगवंत खूबा, कपिल पाटिल भी शामिल हैं।

इन्‍हें भी मिला मौका

पीएम मोदी की कैबिनेट में प्रतिमा भौमिक, सुभाष सरकार, भगवत कृष्ण राव कराड़, राजकुमार रंजन सिंह, भारती प्रवीण पवार, विश्वेश्वर टुडू, शांतनु ठाकुर, महेंद्र भाई मुंजापारा, जॉन बारला, एल मुरुगन, नीतीश प्रामाणिक को भी शामिल किया गया है।

जदयू कोटे से इन्‍हें मिलेगी तरजीह

सहयोगी दलों से जदयू से कुछ चेहरों को मौका दिया गया है। यही नहीं अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस को भी मंत्री बनाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि‍ प्रधानमंत्री से मिलने वाले सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होंगे।

कुछ मंत्रियों की हुई छुट्टी

केंद्रीय मंत्रिपरिषद से कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो गई है। सूत्रों ने बताया कि‍ केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा, शिक्षा राज्यमंत्री संजय धोत्रे, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री देवोश्री चौधरी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री संतोष गंगवार (स्वतंत्र प्रभार) ने इस्तीफा दे दिया है। कुछ और मंत्रियों के इस्तीफा देने की खबरें हैं। सूत्रों की मानें तो रमेश पोखरियाल निशंक ने स्वास्थ्य वजहों के चलते अपना इस्तीफा दिया है। निशंक कुछ समय पहले ही कोरोना से संक्रमित हो गए थे।

दूसरी कार्यकाल का पहला विस्‍तार

उल्‍लेखनीय है कि‍ प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल शुरू कि‍या था। इसके बाद पीएम मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में विस्तार करने वाले हैं। मौजूदा मंत्रिपरिषद में कुल 53 मंत्री हैं। नियम के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिक से अधिक 81 सदस्‍य हो सकते हैं। माना जा रहा है कि‍ मंत्रिमंडल विस्‍तार में उत्तर प्रदेश और बिहार को बड़ा हिस्सा मिलेगा। यही नहीं ओबीसी मंत्रियों की संख्या 25 तक हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि‍ केंद्र सरकार इस विस्‍तार में शिक्षित और युवा सदस्यों देने जा रही है।

Related Articles

Back to top button
Close