अपराध

किराना दुकानदार को गोली मारी, हालत गंभीर

दुकान बंद होने से नाराज युवक ने सीने में मारी गोली, आरोपी फरार

सतना। सतना जिले के जैतवारा कस्बे में रविवार देर रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। विजय चौक स्थित एक किराना दुकानदार को दुकान बंद करने के दौरान गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेरगंज जैतवारा निवासी आशुतोष नामदेव (28) रविवार रात करीब 11 बजे अपनी किराना दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान किशन शीतलानी नामक युवक वहां पहुंचा और सामान मांगने लगा। दुकान बंद होने की बात कहने पर आरोपी भड़क गया और पहले गाली-गलौज की, फिर अचानक कट्टे से फायर कर दिया। गोली दुकानदार के सीने के दाहिने हिस्से में जा लगी।

मौके से आरोपी फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के समय वहां मौजूद मोहम्मद शमी ने घायल आशुतोष को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल सतना पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सीने में गोली फंसी होने के कारण उन्हें रीवा रेफर किया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले गए।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जैतवारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी किशन शीतलानी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button
Close