सतना में कोयले का अवैध भंडारण, कारोबारी पर 20.06 लाख का जुर्माना

सतना। जिले में कोयले के अवैध भंडारण का मामला सामने आने पर जिला खनिज अधिकारी ने एक कारोबारी पर 20 लाख 6 हजार रुपए का भारी जुर्माना लगाया है। बिना अनुमति कोयला भंडारित करने के मामले में कारोबारी शुभम पाण्डेय को नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद उन्होंने निर्धारित राशि जमा कर दी है।
रामपुर बाघेलान के रूहिया गांव का मामला
यह कार्रवाई रामपुर बाघेलान तहसील के रूहिया गांव में की गई। यहां आराजी नंबर 454/3/3 एवं 454/3/2 की भूमि पर अवैध रूप से कोयले का भंडारण किया गया था। मामले की सूचना मिलने पर रामपुर बाघेलान के नायब तहसीलदार बीरेंद्र सिंह ने बेला पुलिस चौकी प्रभारी के साथ 12 नवंबर को मौके पर दबिश दी।
800 टन कोयला बरामद, पोकलेन जब्त
दबिश के दौरान टीम को मौके पर लगभग 800 टन कोयले का अवैध स्टॉक मिला। वहीं, भंडारण स्थल पर एक पोकलेन मशीन भी संचालित हालत में पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही पूरे भंडारण स्थल को सीज कर दिया गया।
लैब जांच में कोयले की पुष्टि
कार्रवाई की सूचना तत्काल जिला खनिज कार्यालय को दी गई, जिसके बाद आगे की जांच शुरू की गई। अवैध रूप से भंडारित कोयले की गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने लिए गए, जिन्हें खनिज साधन विभाग की क्षेत्रीय प्रयोगशाला, जबलपुर भेजा गया। लैब जांच में नमूनों के कोयला होने की पुष्टि हुई। इसके बाद खनिज विभाग द्वारा स्टॉक का सत्यापन किया गया, जिसमें करीब 800 टन कोयला पाया गया।
20.06 लाख रुपए का अर्थदंड
कोयले की कीमत निर्धारित करने के बाद जिला खनिज अधिकारी ने कारोबारी पर 20 लाख 6 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। राशि जमा करने के लिए कारोबारी शुभम पाण्डेय को नोटिस जारी किया गया था, जिसका उन्होंने पालन करते हुए पूरी रकम जमा कर दी।




